सूर्य का रोहिणी नक्षत्र में आने के साथ ही आज से नौपता शुरू हो गया, लेकिन इसका पहला ही दिन तपने के बजाए ठंडा रहा। जयपुर, हनुमानगढ़, चित्तौड़गढ़, बीकानेर समेत 13 शहरों में आज दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से भी नीचे रहा। जयपुर में गर्मी के तेवर नरम रहे। दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे रहा। मौसम केन्द्र जयपुर की माने तो अगले 2 दिन में प्रदेश में तापमान में कोई खास बढ़ोत्तरी नहीं होगी, लेकिन 27 मई से एक नया वेर्स्टन डिर्स्टबेंस एक्टिव होगा, जिसका असर उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के जिलों में देखने को मिलेगा, जहां आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं।
मौसम की आज की स्थिति देखें तो अजमेर, अलवर, जयपुर, पिलानी, सीकर, चूरू, गंगानगर और हनुमानगढ़ में आज दिन में सूरज के तेवर ढीले रहे। इन शहरों में आज दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को भी नहीं छू सका। जयपुर में तो दिन में हल्की हवाएं भी रही, लेकिन नमी होने और तापमान कम होने से हवा में हल्की ठंडक रही। जयपुर में मई में सामान्य तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, लेकिन आज नौपता के पहले दिन तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया। इधर कोटा, बूंदी समेत हाड़ौती अंचल के कुछ इलाकों में तो दिन में हल्के बादल भी छाए रहे।
मानसून का पहला पखवाड़ा रह सकता है कम बारिश वाला
ज्योतिषाचार्य की माने तो नौपता का हर एक दिन मानसून के महीनों के (आषाढ़, श्रावण, भाद्रपद और आश्विन) एक पखवाड़े के समान होता है। यानी नौपता का पहला दिन आषाढ़ माह के पहले पखवाड़े (शुरूआती 15 दिन) के समान होता है। इस तरह मान लिजिए अगर नौपता का पहले दिन गर्मी नहीं पड़ी और बारिश-आंधी रही तो ऐसी आशंका रहती है कि मानसून का पहला पखवाड़ा सूखा या कम बारिश वाला हो सकता है।
अब आगे क्या?
जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 27-28 मई को राज्य में एक नया वेर्स्टन डिर्स्टबेंस एक्टिव होगा, जिसका असर उत्तरी राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर के अलावा पूर्वी राजस्थान में झुंझुनूं, अलवर, सीकर, जयपुर, दौसा, भरतपुर, करौली क्षेत्र में भी देखने को मिलेगा। इस दौरान इन जिलों में आंधी-बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते है। इससे तापमान में एक बार फिर गिरावट होगी। हालांकि इससे पहले 27 मई तक पश्चिमी राजस्थान जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, नागौर बेल्ट में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है और यहां अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का आज का तापमान
शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
अजमेर | 39.5 | 25.1 |
भीलवाड़ा | 41.2 | 25 |
वनस्थली (टोंक) | 40.4 | 24.5 |
अलवर | 36.9 | 25 |
जयपुर | 38 | 26.6 |
पिलानी | 37 | 22.4 |
सीकर | 36 | 22 |
कोटा | 41.6 | 25.4 |
उदयपुर | 40 | 28.2 |
बाड़मेर | 42.5 | 28.7 |
जैसलमेर | 42.6 | 29.2 |
जोधपुर | 40.8 | 28.9 |
बीकानेर | 41.6 | 24.2 |
चूरू | 37.5 | 22.6 |
श्रीगंगानगर | 38.8 | 22.2 |
धौलपुर | 40.3 | 26.4 |
बूंदी | 40.6 | 24.4 |
बारां | 41.3 | 24.4 |
चित्तौड़गढ़ | 40.7 | 27.6 |
डूंगरपुर | 40.2 | 27.7 |
हनुमानगढ़ | 36.9 | 20.7 |
जालोर | 41.4 | 29.5 |
सिरोही | 40 | 29.5 |
करौली | 40.2 | 25.6 |
फलौदी | 43.2 | 30.8 |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.