हम न सुधरे तो हालात फिर बिगड़ जाएंगे:राजस्थान में नए रोगी बढ़ने की रफ्तार महाराष्ट्र जैसी...यहां 1 महीने में 670% बढ़े, वहां 705%

जयपुर2 वर्ष पहलेलेखक: डूंगरसिंह राजपुरोहित
  • कॉपी लिंक
वैक्सीनेशन में राजस्थान देश में दूसरे नंबर पर पहुंच चुका है। - Dainik Bhaskar
वैक्सीनेशन में राजस्थान देश में दूसरे नंबर पर पहुंच चुका है।
  • 16 फरवरी को 60 रोगी मिले थे, 19 मार्च को 402 नए संक्रमित मिले
  • संक्रमण बढ़ने की रफ्तार में हम देश के टॉप-4 राज्यों में शामिल हो गए हैं

राजस्थान में भी कोरोना की रफ्तार देश के सबसे संक्रमित राज्यों मेंं शुमार महाराष्ट्र व गुजरात जैसी ही है। प्रदेश में 16 फरवरी को महज 60 नए रोगी मिले थे, जो शुक्रवार यानी करीब एक महीने में ही 402 तक पहुंच गए। यह बढ़ोतरी 670% है। वहीं, महाराष्ट्र में 16 फरवरी को 3663 नए रोगी मिले थे, जो 19 मार्च को 25833 हो गए यानी 705% की बढ़ोतरी, जो राजस्थान से सिर्फ 35% ही ज्यादा है।

प्रदेश में शुक्रवार को 21,022 जांचें हुईं, जो पिछले 38 दिन में सबसे ज्यादा हैं। चिंता की बात ये है कि अब कोरोना पॉजिटिव दर 1.91% हो गई है यानी हर 100 जांचों में लगभग दो लोग संक्रमित मिल रहे हैं। जबकि एक महीने पहले ही यह दर 0.33% तक लुढ़क गई थी।

इस लिहाज से राजस्थान में कोरोना की पाॅजिटिव दर 30 दिन में 579 प्रतिशत बढ़ गई। वहीं, महाराष्ट्र में 16 फरवरी की तुलना में पाॅजिटिव मरीजों की संख्या 705 प्रतिशत, गुजरात में 485%, पंजाब में 959 प्रतिशत व दिल्ली में 645% बढ़ गई है। राजस्थान पूरे देश में कोरोना की संक्रमण दर बढ़ने की गति में टाॅप 4 राज्यों में शामिल हो गया है। इससे ज्यादा संक्रमण वाले राज्यों में महाराष्ट्र, पंजाब व हरियाणा शामिल हैं।

चिंता इसलिए... देश के टॉप-8 संक्रमित राज्यों में एक महीने पहले सबसे कम मरीज राजस्थान में ही मिले थे... अब 67 दिन बाद नए रोगी 400 पार

11 जनवरी को प्रदेश में अंतिम बार 429 नए रोगी मिले थे। इसके 67 दिन बाद शुक्रवार को 402 नए संक्रमित आए। बता दें कि प्रदेश में 2 मार्च 2020 को कोरोना का पहला केस आया था। उसके 38 दिन बाद 9 अप्रैल को पहली बार 400 पार रोगी मिले थे। 9 अप्रैल को 463 नए रोगी सामने आए थे।

38 दिन बाद सर्वाधिक जांचें
प्रदेश में 38 दिन से सैंपलिंग 20 हजार से कम थी। कोरोना भड़कने और सीएम अशोक गहलोत के लगातार माॅनिटरिंग बढ़ाने के कारण शुक्रवार को सैंपलिंग 21,022 कर दी गई।

राहत ये कि... वैक्सीनेशन में राजस्थान देश में दूसरे नंबर पर पहुंचा, रिकॉर्ड 20.54 लाख बुजुर्ग टीका लगवा चुके हैं, कुल 37.38 लाख डोज लग चुकीं

64 दिन से चल रहे वैक्सीनेशन कार्यक्रम में राजस्थान दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। पिछले 15 दिन से सिरमौर था, लेकिन अचानक शुक्रवार को 38 लाख वैक्सीनेशन के साथ महाराष्ट्र आगे निकल गया। हालांकि, राजस्थान के िलए राहत की बात यह है कि अब हमारे बुजुर्ग एंटीबाॅडी डेवलप होने से कम बीमार हो सकते हैं।

राजस्थान के रिकाॅर्ड 20 लाख 54 हजार 520 बुजुर्ग टीके लगवा चुके हैं। गंभीर बीमारी वाले 45 पार लोग भी 2 लाख 4 हजार 239 वैक्सीनेशन करवा चुके। पूरे राजस्थान में कुल 37,38,737 डोज टीके लग चुके। प्रदेश में 4 लाख 42 हजार 328 हेल्थकेयर वर्कर, 4 लाख 30 हजार 363 फ्रंटलाइन वर्कर भी टीके लगवा चुके हैं।

खबरें और भी हैं...