पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
किसान आंदोलन के समर्थन और केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस और किसान संगठनों ने प्रदेश भर में तीन घंटे तक हाईवे पर चक्का जाम किया। हालांकि राजधानी जयपुर के आसपास कांग्रेस नेताओं का हाईवे जाम कई जगह राजनीतिक रस्म अदायगी बनकर रह गया। कांग्रेस नेता देरी से हाईवे जाम करने पहुंचे और कुछ ही देर बाद वापस भी चले गए। अजमेर रोड पर भांकरोटा, टोंक रोड,दिल्ली रोड, टाटियावास में ऐसे ही हालात देखने को मिले। अजमेर रोड पर भांकरोटा और टोंक रोड पर तीन घंटे की जगह केवल आधे घंटे ही हाईवे जाम किए गए।
अजमेर रोड पर भांकरोटा में कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र भारद्वाज की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आधे घंटे हाईवे जाम किया,हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। वाहनों की लंबी कतारें देख पुलिस और कांग्रेस नेताओं ने आपस में सलाह मशिवरा किया और आधे घंटे में ही कांग्रेस नेताओं ने जाम हटाने का फैसला कर लिया। कांग्रेस नेताओं के चक्का जाम हटाते ही अजमेर रोड पर यातायात शुरु हो गया। टोंक रोड पर भी आधे घंटे बाद ही जाम खोल दिया गया। सीकर रोड पर हरमाड़ा में कांग्रेस नेता सीताराम अग्रवाल की अगुवाई में चक्का जाम किया गया। दौलपुरा और टाटियावास के पास आमेर के कांग्रेस नेता प्रशांत शर्मा और उनके समथर्कों ने ने जाम लगाया।
शहर चक्का जाम से मुक्त था इसलिए राजधानी में नहीं रुकी रफ्तार
राजधानी जयपुर में चक्का जाम का असर नहीं दिखा। शहर में चक्का जाम का आहवान नहीं था, इसलिए शहर पर उतना प्रभाव नहीं हुआ। केवल एनएसयूआई ने राजस्थान यूनिवर्सिटी के गेट पर प्रदर्शन किया था। टोंक रोड, अजमेर रोड और दिल्ली रोड खुला होने से भी शहर में असर नहीं दिखा।
चाैमूं के पास किसान महापंचायत के बैनर तले पूरे समय चला चक्का जाम
सीकर रोड पर चाैमू के पास किसान महापंचायत के बैनर तले किसानों ने पूरे समय हाईवे जाम किया। चक्का जाम के दौरान किसान महापंचायत से जुड़े किसानों ने हाईवे पर ही सभा की। सभा में कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया, कांग्रेस नेता रुक्ष्मणि कुमारी, यूथ फोर किसान के अध्यक्ष डॉ. सीबी यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए केंद्र सरकार से तीनों कृषि कानून वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस ने 12 बजे से हाईवे जाम का समय दिया था लेकिन कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता देरी से पहुंचे, इसके चलते अजमेर रोड, सीकर रोड पर देरी से जाम शुरु हुए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने 12 बजे से 3 बजे तक हाईवे जाम का टास्क सभी कांग्रेस विधायकों और नेताओं को दिया था, हाईवे जाम में भी राजनीतिक कार्यक्रमों की तरह ही देरी देखी गई।
सीकर रोड पर चक्का जाम का ज्यादा असर
हाईवे जाम का असर राजधानी जयपुर के बाहर ज्यादा रहा। सीकर रोड पर सबसे ज्यादा जाम का असर देखा गया। कांग्रेस ने अलग अलग नेताओं और क्षेत्रीय विधायकों और विधायक उम्मीदवार रह चुके नेताओं को हाईवे जाम की जिम्मेदारी दी थी। राजधानी को जोड़ने वाले प्रमुख हाईवे को बाहर एंट्री प्वॉइंट्स पर जाम किया गया।
किसान संगठनों ने चक्का जाम आंदोलन की घोषणा का कांग्रेस ने खुलकर समर्थन देते हुए पार्टी नेताओं को इसे सफल बनाने का टास्क दिया था। एआईसीसी से आए आदेशों के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सभी पार्टी पदाधिकारियों को हाईवे जाम को सफल बनाने में पूरा सहयोग करने के लिए कल ही निर्देश दिए थे, इसके बाद कांग्रेस नेता चक्का जाम के लिए सड़कों पर उतरे।
आवश्यक सेवाओं को चक्का जाम से मुक्त रखा, एंबुलेंस, स्कूल बस चक्का जाम से मुक्त
तीन घंटे के चक्का जाम से आवश्यक सेवाओं को मुक्त रखा गया था। एंबुलेंस, स्कूल बस के साथ आपातकालीन सेवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं को चक्का जाम से अलग रखा गया था।
पॉजिटिव- आज आप किसी विशेष प्रयोजन को हासिल करने के लिए प्रयासरत रहेंगे। घर में किसी नवीन वस्तु की खरीदारी भी संभव है। किसी संबंधी की परेशानी में उसकी सहायता करना आपको खुशी प्रदान करेगा। नेगेटिव- नक...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.