दीपावली के दिन जयपुर पुलिस ने ज्वैलर्स का ध्यान भटका कर दुकान से 25 लाख के गहने चुराने वाले महिला गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग की 5 महिलाओं को कोटा से गिरफ्तार किया है। इनसे 566 ग्राम सोने के गहने भी बरामद किए हैं। इसमें से तीन महिलाएं एक दुकान में गईं। ज्वैलर को बातों में उलझा कर गहने छुपा कर ले आईं।
डीसीपी प्रहलाद सिंह कृष्णिया ने बताया कि प्रमिला पत्नी मिथुन निवासी अनंतपुरा कोटा, मौसम पुत्री सतपाल निवासी कैथुन कोटा, विनती पत्नी सुरेश निवासी बजरंग नगर कोटा, राखी बाई पत्नी मुकुट बिहारी देवली माझी कोटा और सोना पत्नी अर्जुन निवासी बम्बुलिया बारां को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर को प्रहलाद कुमार सोनी निवासी नायला की नायला चोपड़ पर ज्वैलरी की दुकान में चोरी की वारदात हुई।
दोपहर को तीन महिलाएं दुकान पर खरीदारी करने के बहाने आई थीं। ज्वैलर का ध्यान भटका कर महिलाएं दुकान से 6 सोने की चेन, 25 सोने की अंगूठी, 30 जोड़ी सोने की बाली, 6 सोने के जंतर, 6 जोड़ी सोने के टॉप्स, 10 नथ चोरी कर ले गईं। कुल 83 सोने के गहने चुराए। महिलाओं के जाने के बाद ज्वैलर ने सामान संभाला तो उसे नहीं मिला। बाहर आकर देखा तो महिलाएं कहीं भी नजर नहीं आई थी।
टोल पर नजर आई ईको वैन
पुलिस ने ज्वैलर की चोरी की सूचना पर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। महिलाओं के जाने की दिशा के सारे फुटेज चेक किए गए। एक फुटेज से पता लगा कि महिलाएं एक ईको वैन में जा रही हैं। हाईवे के टोल पर फुटेज चेक किए तो वैन का नंबर मिला। पुलिस ने महिलाओं की पहचान की। वैन के नंबरों के आधार पर पुलिस कोटा पहुंच गई। पुलिस ने कोटा से 5 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। इनसे पुलिस ने 566 ग्राम के 25 लाख के सोने के जेवरात बरामद कर लिए। पुलिस ने वैन को भी जब्त कर लिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.