जयपुर में पत्थर की खान में रविवार देर रात एक युवक की डूबने से मौत हो गई। बर्तन धोते समय पैर फिसलने से वह पानी में गिरा था। 100 फीट गहरी खान में दौलतपुरा थाना पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया। सोमवार सुबह खान में भरे पानी से काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव हॉस्पिटल की मॉच्यूरी में रखवाया है।
SI रामेश्वर ने बताया कि हादसे में मुकेश (24) पुत्र स्वदेश मांझी निवासी शमशेर खाप गया बिहार की मौत हो गई। वह बिलोची के कालीघाट स्थित पत्थर खान पर परिवार के साथ रहता था। पिछले काफी समय से पत्थर खान बंद पड़ी है। करीब 100 फीट गहरी खान में पानी भरा हुआ है। रात करीब 11 बजे मुकेश खाना खाने के बाद खान पर बर्तन धोने गया था। बर्तन धोते समय पैर फिसलने से वह खान में भरे पानी में डूब गया। थाली गिरने की आवाज सुनकर उसका भाई उकेश खान पर पहुंचा तो मुकेश नहीं मिला। इधर-उधर काफी आवाज लगाकर ढूंढा, लेकिन उसका पता नहीं चला।
पानी में डूबने की शंका के चलते पुलिस को सूचित किया। दौलतपुरा थाना पुलिस और सिविल डिफेंस टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रात करीब 12 बजे सर्च ऑपरेशन को अंधेरा होने के कारण रोक दिया गया। सोमवार सुबह दोबारा सिविल डिफेंस टीम ने ऑपरेशन शुरू किया। सुबह करीब 10:30 बजे खान में भरे पानी में उसका शव मिला। सिविल डिफेंस टीम ने खान से शव को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। जिसके बाद एम्बुलेंस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल की मॉच्यूरी भिजवाया।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.