जयपुर में रबर रिंग बनाने वाली फैक्ट्री में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। आग की विकराल लपटों के बीच फैक्ट्री में 4 मजदूर फंस गए। जो आग से बचने के लिए छत से नीचे कूद गए। इनमें से तीन मजदूर घायल हो गए। विश्वकर्मा थाना पुलिस और फायर बिग्रेड टीम मौके पर पहुंची। तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने घायल तीनों मजदूरों को कांवटिया हॉस्पिटल में भर्ती करवाया है। प्रथमदृष्टया आग शॉर्ट सर्किट से लगना माना जा रहा है। इससे लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
शार्ट सर्किट से लगी आग
पुलिस ने बताया- विश्वकर्मा रोड नम्बर 14 पर आशीष माणक बोहरा की श्री कृष्णा इंजीनियरिंग वर्क्स के नाम से फैक्ट्री है। फैक्ट्री में प्लास्टिक पाईप की पैकिंग करने का काम किया जाता है। रात को मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। सुबह साढ़े 5 बजे अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेजी से उठने लगीं। जब कोई रास्ता नहीं दिखा तो ग्राउंड फ्लोर की छत से नीचे कूद गए। छत से नीचे कूदने से मजदूर के घुटनों में गंभीर चोट आई है। सूचना पर सीआई वीकेआई रमेश सैनी मौके पर पहुंचे।
आग लगने पर पहुंची दमकल
फायर अधिकारी राजेन्द्र ने बताया- दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची थी। तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्लास्टिक के पाइप होने की वजह से आग की लपटें तेजी से उठ रही थीं। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
छत पर सो रहे मजदूरों ने कूद कर बचाई जान
जिस समय आग लगी उस समय मजूदर छत पर थे। आग की लपटे इतनी तेज थी कि उन्हें नीचे उतरने का मौका नहीं मिला। लिहाजा उन्होंने जान बचाने के लिए छत से कूदना ही सही समझा। घायल होने वालों में बक्सर (बिहार) निवासी बसंत यादव, बाराबंकी (उ.प्र) निवासी सर्वेश रावत, सुमेरगंज बारांबकी निवासी ननकाऊ और सुरोठ (करौली) निवासी राकेश गुर्जर घायल हो गए।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.