राजस्थान के सरकारी स्कूलों में टीचर्स की भर्ती से पहले ही विवाद शुरू हो गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में 46,500 पदों पर भर्ती की स्वीकृति जारी की। इसके लिए उन्होंने लेवल-1 में 6000 पद बढ़ाकर 21,000 पदों पर भर्ती की घोषणा की। वहीं, लेवल-2 में 6000 पद घटाकर 25 हजार 500 पदों पर ही भर्ती करने का फैसला किया।
इसके बाद सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक मुख्यमंत्री के फैसले का विरोध शुरू हो गया है। देशभर में राजस्थान के युवाओं की "#लेवल2_के_पद_32000_करो" की मांग ट्रेंड करने लगी है। लेवल-2 भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अमित मीणा ने बताया कि हमें लेवल-1 के पद बढ़ने से कोई दिक्कत नहीं है।
लेकिन हम किसी भी सूरत में लेवल-2 के पदों में कटौती नहीं होने देंगे। अगर सरकार ने जल्द से जल्द लेवल-2 के घटाए गए पदों को फिर से नहीं बढ़ाया। तो हम प्रदेशव्यापी आंदोलन करेंगे। जिसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
इसी तरह से लेवल-2 की तैयारी कर रही सुनीता ने बताया कि 2021 की परीक्षा में मेरा सिलेक्शन हो गया था। लेकिन आखिरी वक्त में सरकार ने पेपर रद्द कर दिया। वहीं, इस बार भी परीक्षा से 3 महीने पहले सरकार ने 6000 पद घटाकर लाखों युवाओं की उम्मीदों को कमजोर कर दिया है। जबकि लेवल-2 में 15000 पद पुरानी भर्ती प्रक्रिया के शामिल थे। इसलिए सरकार को फिर से लेवल-2 के पदों को बढ़ाकर 32000 करना चाहिए।
दरअसल, 26 सितंबर 2021 को 15 हजार पदों पर आयोजित रीट लेवल-2 का पेपर आउट होने के बाद सरकार ने रद्द कर दिया था। इसके बाद CM गहलोत ने 2022 में कुल 31 हजार 500 पदों पर लेवल-2 की भर्ती निकाली। जिसमें लेवल-2 के पुराने 15000 पद भी शामिल थे। लेकिन भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के ठीक पहले मुख्यमंत्री गहलोत ने एक बार फिर लेवल-2 के पदों को घटा दिया। इसको लेकर अब युवाओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
रद्द की गई थी लेवल-2 की परीक्षा
बता दें कि राजस्थान में 31 हजार पदों के लिए 26 सितंबर 2021 को 25 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने रीट परीक्षा दी थी। इसके 36 दिन बाद रीट का रिजल्ट जारी कर दिया गया था। इसमें से 11 लाख चार हजार 216 को पात्र घोषित किया गया था। इनमें लेवल-1 के लिए 3 लाख तीन हजार 604 और लेवल-2 के लिए 7 लाख 73 हजार 612 को पात्र घोषित किया गया था। भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद लेवल-2 के पेपर के लीक होने सबंधी विवाद में सरकार ने लेवल-2 की परीक्षा को रद्द कर दिया।
इसके साथ ही छात्रों के विरोध को काम करने के लिए भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाते हुए कुल 62 हजार पदों पर भर्ती करने का फैसला किया। इसमें लेवल-1 के 15 हजार 500 पदों पर पिछले साल सितंबर में आयोजित हुई परीक्षा के आधार पर कटऑफ जारी कर नियुक्ति देने कि तैयारी शुरू हो गई है। 46 हजार 500 पदों के लिए 23 और 24 जुलाई को नए सिरे से परीक्षा का आयोजन किया गया था।
जानिए- ग्रेड थर्ड शिक्षक भर्ती प्रक्रिया
टीचर भर्ती के लिए फरवरी में होगी मुख्य परीक्षा
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा अगले साल 4 और 5 फरवरी को 46,500 पदों पर होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षा का सिलेबस जारी कर चुका है। इसके तहत लेवल-1 और लेवल-2 की परीक्षा ढाई घंटे की होगी।
परीक्षा में 300 नंबर के लिए 150 सवाल पूछे जाएंगे। गलत जवाब देने पर निगेटिव मार्किंग भी होगी। जुलाई में आयोजित की गई पात्रता परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थी ही फरवरी में आयोजित होने वाली मुख्य परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
बता दें कि CM गहलोत की स्वीकृति के बाद अब राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से नवंबर में 46 हजार 500 पदों के लिए शिक्षक भर्ती परीक्षा की विज्ञप्ति जारी होगी। इसमें आवेदन करने वाले अभ्यर्थी 4 और 5 फरवरी को भर्ती परीक्षा में शामिल होंगे। इसके बाद मार्च महीने में आंसर-की जारी की जाएगी। वहीं, जून तक सिलेक्ट हुए अभ्यर्थियों को पोस्टिंग देने की तैयारी की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.