कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रणथंभौर में तीन दिन रुकने के बाद शुक्रवार को भारी पुलिस बल व कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हो गई है।
प्रियंका गांधी अपने पति राबर्ट वाड्रा के साथ मंगलवार को रणथंभौर आई थी। उनके बेटा-बेटी एक दिन पहले ही यहां पहुंच गए थे। तीन दिनों तक प्रियंका गांधी अपने परिवार के साथ रणथम्भौर स्थित होटल शेर बाग में ठहरी। 12 जनवरी को प्रियंका गांधी ने परिवार के साथ अपना बर्थ-डे सेलिब्रेट किया। उन्होंने अपने परिवार के साथ रणथम्भौर में टाइगर सफारी भी की। उन्होंने रणथंभौर नेशनल पार्क का भ्रमण कर वन्यजीवों को खुले में घूमता देखा। टाइगर सफारी के दौरान उन्होंने रणथम्भौर के जोन नम्बर तीन में राजबाग वन क्षेत्र में बाघ टी-120 के दीदार भी किए।
प्रियंका गांधी वाड्रा के आने पर यहां राजनीतिक घटनाक्रम भी देखने को मिले। गुरुवार को भाजपा के नेताओं ने अलवर प्रकरण को लेकर उनका घेराव करने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस मुस्तैदी के चलते नाकाम रहे। ऐसे में प्रियंका गांधी वाड्रा की दिल्ली वापसी को लेकर पुलिस प्रशासन बेहद अलर्ट नजर आया। प्रियंका गांधी वाड्रा का काफिला भारी पुलिस सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हो गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.