सवाई माधोपुर के सूरवाल क्षेत्र के बनोठा गांव में महिला अपने तीन बच्चों को लेकर कुएं में कूद गई। गुरुवार दोपहर चारों के शव कुएं से बरामद हुए हैं। बताया जाता है कि बुधवार शाम पति से किसी बात को लेकर महिला का झगड़ा हो गया था। उसके बाद वह तीनों बच्चों को लेकर चली गई थी। इसके बाद परिजनों ने काफी तलाश की, पर कोई जानकारी नहीं मिली थी। पुलिस ने आशंका जताई कि झगड़े के बाद महिला खेत पर बने कुएं पर चली गई। वहीं उसने सुसाइड कर लिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी शवों को निकाल लिया है।
सरपंच प्रेमराज मीणा ने बताया कि कुएं में बनोठा गांव की रहने वाली सफेदी (32) और उसके बेटे अजय (9), बेटी गौरी (4) और डेढ़ साल की बच्ची अनुष्का का शव मिला है। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे सफेदी के ससुर रामनाथा अपने खेत पर गए थे। कुएं में झांककर देखने पर एक बच्चे का शव दिखाई दिया। उसने स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। ग्रामीण इकट्ठे होकर मौके पर पहुंचे तो कुएं में महिला व तीन बच्चों के शव पड़े मिले। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों शवों को बाहर निकाला।
घर छोड़कर निकली
कार्यवाहक थानाधिकारी तेज सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि सफेदी का पति रामखिलाड़ी खेती करता है। बुधवार देर शाम रामखिलाड़ी व सफेदी में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़ती हुई सफेदी अपने तीनों बच्चों को लेकर घर से चली गई और सुसाइड कर लिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.