जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को भी मौसम में बदलाव का दौर देखा गया। दिनभर बादल छाने के साथ ही सर्द हवाएं चलती रही। इससे सर्दी बढ़ गई और लोगों ने सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लिया। वहीं सुबह के समय घना कोहरा छाया रहने के कारण वाहनचालकों को परेशानी उठानी पड़ी।
जिलेभर में इन दिनों सर्दी अपने तेवर दिखा रही है। रविवार को भी जिला मुख्यालय पर सर्दी अपने चरम पर थी। रविवार को सुबह दिन उगने के साथ ही घना कोहरा छाया हुआ था। स्थिति यह थी कि पास की वस्तुएं भी साफ दिखाई नहीं दे रही थी और विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर की थी। सर्दी से बचाव के लिए लोगों ने अलाव का और गर्म कपड़ों का सहारा लिया। सुबह 11 बजे तक यही स्थिति रही। इसके बाद सर्द हवाएं चलना कम हुई, लेकिन मौसम साफ नहीं हुआ।
इसी बीच दोपहर करीब ढाई बजे जाकर सूर्यदेव के दर्शन हुए और धूप निकली। धूप निकलने के साथ ही अपने-अपने घरों में रजाइयों में दुबके बैठे लोग छतों पर पहुंचे और वहां पर गुनगुनी धूप का आनंद लिया। सर्दी के साथ ही तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं एक दिन पूर्व शनिवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस तरह रविवार को दिन के तापमान में 4 डिग्री की गिरावट और रात के तापमान में 2 डिग्री की गिरावट देखी गई। कुस्तला: कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को भी दिनभर बादल छाए रहे। सुबह के समय कोहरा छाने के कारण वाहनचालकों को परेशानी हुई। सर्दी से बचाव के लिए लोग दिनभर गर्म कपड़ों में लिपटे रहे और अलाव का सहारा लिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.