सदर थाना क्षेत्र में बंबोर रोड के पास रोड किनारे खाई में गुरुवार दोपहर महिला का शव बोरे में बंधा मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए है। मृतका की शिनाख्त नहीं होने पर शव को हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस का कहना है कि शव करीब आठ दिन पुराना है। महिला की कहीं ओर हत्या की गई, जिसके बाद बोरे में बांधकर शव को यहां फेंका गया है। पुलिस मृतका की पहचान के साथ ही हत्यारों की तलाश में जुट गई है।
एसपी सुभाष चंद मिश्रा ने बताया कि दोपहर करीब 11 बजे बंबोर रोड पर रोड किनारे खते की खाई में एक बोरे में महिला का शव पड़ा मिला। बदबू आने पर लोगों ने बोरे को ध्यान से देखा तो फटी जगह से महिला के पैर दिखाई दिए। महिला की हत्या कर बोर में शव मिलने का पता चलने पर लोगों में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बोरे से महिला के शव को बाहर निकाला गया। मृतक महिला की शिनाख्त के प्रयास किए गए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। जिसके बाद शव को एम्बुलेंस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल की मोर्चरी भिजवाया।
दो बोरों में था शव
एसपी सुभाष चंद मिश्रा ने बताया कि मृतक महिला की उम्र करीब 45 साल है। उसका शव दो बोरों में भरकर बांध गया था। जिसके ऊपर तिरपाल फेंका हुआ था। मृतका के शरीर पर चोट के निशान नहीं है। माना जा रहा है कि गला दबाकर या सांस बंद कर उसकी हत्या की गई। कहीं ओर हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर यहां फेंका गया है। हत्या करीब आठ दिन पहले की गई है।
तीन-चार दिन से आ रही थी बदबू
स्थानीय लोगों का कहना है कि तीन-चार दिन से बदबू आ रही थी। खाई में झांक कर देखा तो उसमें बोरा भी पड़ा हुआ था, लेकिन किसी जानवर को बांधकर फेंकने का अंदेशा लगाकर ध्यान नहीं दिया। गुरुवार दोपहर बदबू तेज होने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कुत्तों के बोरे को काट देने के कारण महिला के पैर दिखने पर लाश पड़ी होने का पता चला।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.