चार साल में जनता कांग्रेस के राज से त्रस्त हो गई है। कांग्रेस ने इन चार सालों में जनता को कुशासन, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व अपराध को बढ़ावा दिया है। चार सालों से जनता व जनप्रतिनिधि गहलोत व पायलट की कुर्सी की लड़ाई खत्म होने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन लड़ाई तो अब अमर्यादित हो गई है। वर्तमान में प्रदेश में भारत की सर्वाधिक 30 प्रतिशत बेरोजगारी व्याप्त है, गहलोत केवल केंद्र के खिलाफ अनर्गल बातें करते हैं, चार सालों में जनता के प्रति ध्यान ही नहीं दिया। इसे लेकर जनता में प्रदेश सरकार के प्रति आक्रोश है। इसे लेकर भाजपा पूरे प्रदेश में जनाक्रोश यात्रा निकालकर आमजन तक पहुंचकर कांग्रेस के कुशासन से अवगत करवाएगी। पाली सांसद व जनाक्रोश यात्रा जिला प्रभारी पी.पी. चौधरी ने मंगलवार को शहर में प्रेस वार्ता करते हुए यह बात कही। कहा कि 1 दिसंबर को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्ढा जयपुर में जनाक्रोश यात्रा के 51 रथों को एक साथ रवाना करेंगे, जो यात्रा 2 दिसंबर से जिला मुख्यालय से रवाना होकर गांव-गली तक जानकारी प्रदेश की 1 करोड़ जनता तक पहुंचेगी। इसमें एक शिकायत पेटिका भी शामिल होगी। यात्रा हर विधानसभा में 100 चौपालों व नुक्कड़ सभा के माध्यम से प्रदेश की त्रस्त को प्रदेश सरकार के कुशासन के बारे में जानकारी देंगे। कांग्रेस को अपनी पार्टी की चिंता है, जबकि भाजपा को राष्ट्र व राज्य की चिंता है। 3 दिसंबर से विधानसभा मुख्यालय से लेकर आगामी 15 दिसंबर तक हर गांव-गली में जाकर प्रत्येक प्रदेशवासी को जागरुक करेगी। कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार के चलते रीट जैसी परीक्षाओं में धांधली हो रही है, अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर वायरल हो रहे हैं। गहलोत-पायलट की लड़ाई से प्रदेश में ऐसा कुशासन आ गया है कि शिक्षक हो या किसी भी विभाग का कर्मचारी हर किसी को पैसे देकर ट्रांसफर करवाना पड़ रहा है। हर 12 किमी के दायरे में कोई न कोई सरकारी कर्मचारी के ट्रेप होने के समाचार मिलते हैं। कांग्रेस सरकार ने चार सालों में प्रदेश को भ्रष्टाचार, महिला अपराध, नाबालिग बच्चों के अपहरण व हत्या जैसे मामले, एससी/एसटी वर्ग पर अत्याचार, पेपर धांधली में रोल मॉडल बना दिया है। यह भाजपा सहन नहीं करेगी। वर्ष 2018 में राहुल गांधी ने किसानों से कर्जमाफी का वायदा किया था, बेरोजगारों को प्रतिमाह 3500 रुपए खाते में जमा करवाने का वायदा किया था, लेकिन एक भी घोषणा पूरी नहीं हुई है। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि जनाक्रोश यात्रा में एक अच्छा मूवमेंट देखने को मिलेगा। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी दो खेमों में बंटने का परिणाम जनता को भुगतना पड़ रहा है। इसे लेकर भाजपा जनता के साथ सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि यह भारत को तोड़ने की यात्रा है, इनके पूर्वजों ने देश के दो टुकड़े करवा दिए। एक तरफ नेहरु प्रधानमंत्री बनना चाहते थे तो दूसरी तरफ जिन्ना। दोनों ने मिलकर देश के टुकड़े किए हैं, उस वक्त पटेल की बात मान ली होती तो कश्मीर में धारा 370 की बजाय देश की तस्वीर ही अलग होती। कांग्रेस विधायकों को लग रहा है कि प्रदेश में उनकी अंतिम सरकार है, इसे देखते हुए सभी विधायक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। मोदी सरकार में जनता को आत्मबल व दुनिया में नई पहचान मिली है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.