- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Jaisalmer
- Jodhpur CityVibes Misleading London Tour Ad | Commission Penalty Ruling
लंदन टूर का झांसा देकर लॉटरी नहीं निकाली, जुर्माना:15 हजार की खरीदारी पर किया था वादा; आयोग ने माना भ्रामक विज्ञापन
- कॉपी लिंक

जैसलमेर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने एक कंपनी को भ्रामक विज्ञापन दिखाने और गलत व्यापार व्यवहार का दोषी माना है।
आयोग ने शुक्रवार (27 नवंबर) को महत्वपूर्ण फैसला देते हुए कंपनी पर शिकायतकर्ता को 25 हजार रुपए हर्जाना देने और देने और इतनी ही राशि राज्य उपभोक्ता कल्याण कोष में जमा कराने के आदेश दिए हैं।
इस तरह दिया था झांसा
जोधपुर के सिटीवाइब्स कंपनी ने 15 हजार रुपए से ज्यादा की खरीदारी करने पर दो लोगों को लंदन घूमने भेजने का वादा किया था। साथ ही 1000 ग्राहकों को विशेष पुरस्कार देने की बात कही थी।
विज्ञापन से प्रभावित होकर जैसलमेर के नितेश जोशी ने सिटीवाइब्स से 16,900 रुपए का सामान खरीद लिया। जब लॉटरी के नतीजे बताने की बारी आई तो कंपनी कोई ठोस जानकारी नहीं दी।
नितेश ने लॉटरी के बारे में जानकारी मांगी तो कंपनी ने सिर्फ इतना कहकर जवाब दिया कि उनका नंबर नहीं आया। इसके बाद नितेश ने जैसलमेर जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में शिकायत की।
लॉटरी की पारदर्शिता पर आयोग ने उठाए सवाल
जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष व पीठासीन अधिकारी पवन कुमार ओझा और सदस्य मनोहर सिंह रावत ने नितेश जोशी की शिकायत पर यह फैसला सुनाया। आयोग ने कहा-

ग्राहकों को ज्यादा खरीदारी के लिए बड़े इनाम का लालच देना और फिर योजना के बारे में सही जानकारी नहीं देना भ्रामक विज्ञापन और गलत व्यापार व्यवहार है।

नितेश ने आयोग में शिकायत देकर बताया कि सिटीवाइब्स जोधपुर की ओर से विज्ञापन दिया गया था कि 15 हजार रुपए से अधिक की खरीदारी करने वाले ग्राहकों को लॉटरी में शामिल किया जाएगा।
दो लोगों के लिए लंदन यात्रा पहला इनाम और 1000 ग्राहकों के लिए विशेष पुरस्कार देने की बात कही थी। इसी उम्मीद में उन्होंने 16,900 रुपए का सामान खरीदा।
विजेता का पूरा नाम-पता भी नहीं बताया
कंपनी की ओर से जवाब में कहा गया कि लॉटरी 16 जनवरी 2025 को निकाली गई थी और परिवादी का नंबर नहीं आया। लेकिन आयोग ने रिकॉर्ड की जांच में पाया कि कंपनी ने कूपन पर योजना के नियम और शर्तें तो दी थीं।
1000 विशेष पुरस्कार पाने वालों की सूची में परिवादी का नाम 399वें नंबर पर था, लेकिन उसे विशेष पुरस्कार भी नहीं दिया गया।
आयोग ने पाया कि पहले पुरस्कार के विजेता के रूप में केवल आदित्य नाम बताया गया। उसका पूरा नाम, पता और लंदन यात्रा से जुड़े दस्तावेज भी पेश नहीं किए गए।
लॉटरी कब और किस तरह निकाली गई, इसके फोटो, वीडियो या मीडिया कवरेज का कोई सबूत भी कंपनी नहीं दे सकी।
आयोग के अनुसार इतनी बड़ी लॉटरी होती तो उसके आयोजन से जुड़ी जानकारी और रिकॉर्ड उपलब्ध होने चाहिए थे।
45 दिन में आदेश का पालन करना होगा
आदेश की पालना 45 दिन में करनी होगी। ऐसा नहीं करने पर देय राशि पर 1 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा। मामले की जानकारी आयोग के रीडर मदन सिंह भाटी ने दी।






















