जैसलमेर में सोमवार सुबह बादल और कोहरा छाने से ठंड का एहसास हुआ। ठंडी हवा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। धुंध के कारण सूर्य भी देरी से नजर आया। मौसम विभाग की माने तो वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से तापमान में गिरावट आई है। आने वाले दिनों में ठंड का असर बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि एक हफ्ते में सर्दी का असर बढ़ जाएगा।
जैसलमेर के कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम इकाई के कृषि वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ ( वेस्टर्न डिस्टरबेंस) की वजह से जैसलमेर में मौसम में बदलाव आया है। सोमवार से आसमान में हल्के बादल और धुंध छाने से तापमान में भी गिरावट हुई। हालांकि हल्की ठंड एक हफ्ते पहले ही आ गई थी। मगर वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से रविवार से ही मौसम ने बदलाव ला दिया। रविवार को बदले मौसम से सुबह का तापमान 19.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया वहीं सोमवार को तापमान ने करीब 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की। सोमवार सुबह का तापमान 16.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तापमान गिरने से मौसम में ठंड ने दस्तक दे दी। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और मौसम में ठंड का असर और तेज होगा।
फसलों को होगा फायदा
जैसलमेर में इन दिनों रबी की फसलों की बुवाई की जा रही है। ऐसे में फसलों के लिए जमीन में नमी की जरूरत है। अब तापमान में कमी आने से रबी की फसलों का फायदा मिलेगा। हालांकि सर्दी का असर पूरी तरह से तेज होने में करीब एक हफ्ते का समय लगेगा। लेकिन सोमवार को सर्दी का असर तेज होने के साथ ही फसलों के लिए फायदेमंद मौसम की शुरुआत हो जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.