जालोर जिले में रविवार को गांवों और शहरों में चिरंजीवी सभाओं का आयोजन किया गया। इनमें मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभ और उसके महत्व के बारे में ग्राम एवं नगरवासियों को जानकारी दी गई।
कलेक्टर निशान्त जैन ने जालोर पंचायत समिति की नारणावास ग्राम पंचायत में आयोजित चिंरजीवी सभा में शामिल ग्रामवासियों को योजना के महत्व और लाभ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नरसाणा मॉडल की तर्ज पर पूरे जिले की पंचायतों को पूर्णतः चिरंजीवी योजना में पंजीकृत करवाने की बात कही। इसके बाद कलेक्टर ने जालोर नगर परिषद में आयोजित चिरंजीवी वार्ड सभा में भाग लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना है, जिसमें 10 लाख रुपए प्रति परिवार का स्वास्थ्य बीमा मिलता है साथ ही 5 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा भी निःशुल्क प्रदान किया जाता है। उन्होंने वार्ड वाइज शिविर आयोजित करवा पूरे नगर परिषद क्षेत्र को चिरंजीवी योजना से पंजीकृत करवाने की बात कही।
क्यूआर कोड अंकित पैम्फलेट्स बांटे
वहीं, जिले में आयोजित चिंरजीवी वार्ड एवं ग्राम सभाओं में क्यूआर कोड अंकित पैम्फलेट्स का वितरण किया गया। इसे स्कैन करने पर मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिलेभर में अधिकारियों ने चिरंजीवी वार्ड एवं ग्राम सभाओं में भाग लेकर चिरंजीवी योजना की जानकारी दी। इसमें रजिस्ट्रेशन कराने और इससे होने वाले फायदे के बारे में बताया गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.