विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा एक्टिव हो गई है। अब पूरे प्रदेश स्तर पर अनुसूचित जाति को साधने की कोशिश हो रही है। इसको लेकर अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। भाजपा ने इसका नाम हैशटैग बस्ती संपर्क अभियान रखा है। जालोर में भी बस्ती संपर्क अभियान को लेकर शनिवार को बीजेपी ऑफिस में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री सुरेश सिंधल और आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित ने अभियान के पोस्टर विमोचन किया।
जालोर में बस्ती संपर्क अभियान 29 अक्टूबर शनिवार से 26 नवंबर तक चलाया जाएगा। इसके तहत केंद्र सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जिसमें पीएम उज्ज्वला योजना, पोषण अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जल जीवन मिशन, अमृत योजना, पीएम स्वनिधि योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड योजना, आयुष्मान भारत शामिल है।
इस दौरान सुरेश सिंधल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान की गहलोत सरकार ने एससी वर्ग के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे ने अनुसूचित बाहुल्य क्षेत्रों में अंबेडकर भवन बनाने के लिए योजना चलाई थी, लेकिन गहलोत सरकार आने के बाद उस योजना को अमल में नहीं लाया गया। आहोर विधायक जगन सिंह ने कहा कि गहलोत सरकार ने गरीबों के साथ अन्याय किया है। कहती है कि हम गरीबों के साथ हैं, लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद गरीबों का शोषण किया है।
इस दौरान भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री, एससी प्रभारी जालोर सुरेश सिंधल, विधायक छगन सिंह राजपुरोहित, भाजपा जिला अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा मिश्रीमल, भाजपा नगर अध्यक्ष सुरेश सोलंकी सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.