शहर के कृषि उपज मंडी के पास एक निजी बस ने बाइक सवार वृद्ध को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका पौत्र घायल हो गया। सुबह 10 बजे के करीब बानोर निवासी बालाराम दांगी बाइक पर अपने पौत्र के साथ गर्दनखेड़ी गांव जाने के लिए रवाना हुआ। पिड़ावा में कृषि उपजमंडी के पास एक निजी बस RJ 17 PA 7100 के चालक ने लापरवाही पूर्वक बाइक से टक्कर मार दी। इससे सड़क पर गिरे बाइक सवार बालाराम दांगी को बस ने कुचल दिया।
जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। भिड़ंत से बाइक पर सवार उसका पोता पवन दांगी उछलकर दूर गिरने से गम्भीर घायल हो गया। हादसे का पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव व घायल को लेकर अस्पताल आई। जहां पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं घायल पवन दांगी का उपचार करवाया गया। हादसे के बाद घटना स्थल पर बड़ी में लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने मृतक के पुत्र दुर्गालाल की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर बस को जब्त कर लिया। बस का चालक घटना के बाद से ही फरार हो गया।
अवैध बसों के संचालन पर लोगों ने जताया रोष घटना स्थल पर जमा लोगों ने पिड़ावा से सोयत कलां की तरफ बड़ी संख्या अवैध बसों का संचालन होने पर आक्रोश जताया। लोगों ने बताया कि अंतरप्रांतीय सड़क होने के चलते निजी बसों के संचालकों ने हिम्मतगढ़ बानोर के लिए परिवहन विभाग से परमिट ले रखे हैं। लेकिन एक निजी बस संचालक अवैध रूप से सोयत मार्ग पर संचालन कर रहा है। इनकी सूचना पट्टिका पर बकायदा सोयत तक जाने की पट्टिका लगी हुई है। बसें खटारा है। जिनके पास फिटनेस प्रमाण पत्र तक नहीं है। शहर में निजी बस संचालक व चालक की लापरवाही से हादसे में एक व्यक्ति की जान तक चली गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.