झुंझुनूं में कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत शनिवार को मंडावा विधानसभा में यात्रा की शुरुआत की गई। मंडावा विधायक रीटा चौधरी ने गोरा का बास ख्याली से ढीलसर तक 15 किलोमीटर की पैदल यात्रा निकाली। हजारों कार्यकर्ता व ग्रामीण यात्रा में शामिल हुए। ग्रामीणों की ओर से जगह जगह यात्रा का स्वागत किया।
बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लिए डीजे के साथ घर घर पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान विधायक रीटा चौधरी ने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के माध्यम से लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से अवगत कराया जाएगा।
साथ ही लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आई है देश में भाईचारा खत्म हो चुका है। भाजपा ने देश में धार्मिक उन्माद फैलाकर लोगों में विद्वेष की भावना पैदा कर रही है। इस नफरत को खत्म करने के लिए राहुल गांधी की ओर से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की गई।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा ऐतिहासिक रही, हर वर्ग का समर्थन मिला। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जो संदेश आम लोगों को दिया गया, उसे अब हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत घर-घर पहुंचाया जाएगा। इस दौरान मंडावा ब्लॉक अध्यक्ष सलीम सीगड़ी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.