अरब सागर में बने कम दबाव का असर अब राजस्थान के मौसम पर पड़ने लगा है। जयपुर, जोधपुर में भी दो दिन से बादल छाए है। दिन के तापमान में गिरावट रही। गरम कपड़ों में दिन भर लोग दुबके नजर आए। आज गुरुवार सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं। सड़कों पर लोग अलाव लगाकर ताप लेते नजर आए। जोधपुर के मंदिरों में ठाकुरजी भी ऊनी कपड़ों में लिपटे दिखे।
जोधपुर में कंपकंपी
अरब सागर में बने लो प्रेशर सिस्टम के कारण जोधपुर का मौसम पूरी तरह से गड़बड़ा गया है। जयपुर, जोधपुर में गुरुवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। सूर्यनगरी में सूरज का दीदार तक नहीं हो पाया है। ठंडी हवा कंपकंपी छूट रही है। सुबह घरों से निकलने वाले पूरे गरम कपड़ों के साथ नजर आए। बादल छाने से विजिबिलिटी भी कम रही। किला रोड से भी जोधपुर फोर्ट धुंधला नजर आ रहा था। किले रोड पर सुबह-सुबह लोग अलाव जला कर ठंड दूर करते नजर आए। कृष्ण मंदिर में ठाकुरजी ऊनी कपड़ों में लिपटे रहे। रातानाडा कृष्ण मंदिर में राधा कृष्ण की प्रतिमा का गरम कपड़ो से शृंगार किया गया। जयपुर में भी गुरुवार सुबह से बादल छाए रहे। जयपुर सहित 12 से अधिक जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।
दिसम्बर की शुरुआत के साथ ही शीतलहर ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। तापमान में आंशिक बढ़ोतरी देखने को मिली है, लेकिन बादलों के छंटते ही सर्दी बढ़ जाएगी। मौसम विभाग का कहना है कि मारवाड़ में कुछेक स्थान पर हल्की बारिश हो सकती है। जोधपुर में रात का तापमान 17.3 डिग्री रहा और दिन में 4 डिग्री गिर कर 24 डिग्री रहा। आज उसके कुछ कम होने के आसार हैं। इधर, माउंट आबू के साथ पूरा सिरोही जिला बादलों से ढका रहा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.