जोधपुर पुलिस ने एक ऐसी गैंग का पर्दाफाश किया है जो मोटी रकम वसूल कर लोगों की शादी करवाते और बाद में दुल्हन को भगा देते। इस गैंग के सदस्य कई राज्यों में अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों की शादी करवा ठगी कर चुके हैं।
गैंग के सदस्य उड़ीसा, महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश की लड़कियों से शादी के इच्छुक युवाओं की शादी करवाते। इसके बाद दुल्हन कुछ दिन में गहने व नगदी लेकर भाग निकलती। पुलिस ने एक लुटेरी दुल्हन, गैंग के सरगना सहित तीन लोगों को भोपाल से गिरफ्तार किया है।
विवेक विहार थानाधिकारी दिलीप खदाव ने बताया कि जोधपुर शहर के निकट स्थित नंदवान गांव निवासी लुम्बाराम जाट ने 21 सितम्बर को मामला दर्ज कराया कि उसकी पत्नी संगीता शर्मा घर से गहने लेकर भाग गई। उसने बताया कि मेरी शादी नहीं हो रही थी। मेरे गांव के ही खुमाराम घांची ने दस वर्ष पूर्व मध्य प्रदेश में शादी की थी। मैने उससे संपर्क साधा। वह मुझे अपने साथ भोपाल लेकर गया और वहां विकास कुंतल और जगदीश से मिलाया।
उन दोनों ने मुझे तीन चार लड़कियों से मिलवाया। इसके बाद मैने एक लड़की को पसंद किया। इसके बाद हम जोधपुर लौट आए। पांच जुलाई को विकास व जगदीश संगीता व उसके साथ अंजली व अजू को उसके बहन भाई कह साथ लेकर आए। गांव के ही मंदिर में ही हमारी शादी कराई गई। मैने संगीता के लिए कुछ गहने भी बनवाए। विकास व जगदीश में मुझसे शादी कराने के लिए छह लाख रुपए लिए।
मैंने शादी के कागजात भी बनवाए। 21 सितम्बर को संगीता घर से गहने लेकर भाग निकली। लुम्बाराम की रिपोर्ट पर खदाव के नेतृत्व में एक टीम भोपाल गई। वहां से विकास, जगदीश व लुटेरी दुल्हन संगीता को दस्तयाब कर आज जोधपुर लाया गया। लुटेरी दुल्हन से गहने भी बरामद कर लिए गए है।
ऐसे करते थे ठगी
खदाव ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि इन लोगों ने एक गैंग बना रखी थी। इस गैंग में उड़ीसा, महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश की कुछ महिलाओं को जोड़ा हुआ है। ये लोग मोटी राशि लेकर लोगों की शादी करवाते। इसके बाद मौका देख दुल्हन को घर से गहने व नगदी लेकर भाग निकलने में मदद करते। इस गैंग का सरगना विकास है। विकास लड़कियों के आधार कार्ड में हेराफेरी कर उनका पता बदल देता।
पकड़ी गई लुटेरी दुल्हन मूल रूप से उड़ीसा की रहने वाली है। विकास ने बताया कि वह अलग-अलग राज्यों में इस तरीके से मोटी रकम वसूल कर एक दर्जन से अधिक शादी करवा चुका है। इन सभी मामलों में दुल्हनें शादी के बाद गहने व नगदी लेकर भाग निकली।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.