जोधपुर जिले के बोरुंदा थाना क्षेत्र में कल देर रात दो गुटों के बीच हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। अवैध पत्थर खनन को लेकर चल रहे विवाद में एक समूह के लोगों ने दूसरे समूह को लोगों पर हमला बोल दिया। इस महले में कुछ अन्य लोग भी घायल हुए है। पुलिस अभी तक इस मामले में कुछ भी बोलने से कतरा रही है। वहीं परिजनों ने मृतक का शव उठाने से मना कर दिया है। पूर्व में बताया गया था कि युवक की मौत शिकार करने की घटना के बाद गोली चलने से हुई।
बोरुंदा क्षेत्र के देवनगर क्षेत्र की गुर्जरों की ढाणी के पास पत्थर खनन को लेकर दो गुटों के बीच लंबे अरसे से विवाद चल रहा था। कल रात यह खूनी संघर्ष में बदल गया। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने अन्य समूह के लगों पर हमला बोल दिया। इस हमले में रतकुड़िया निवासी सवाईराम पुत्र चेलाराम नायक की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग घायल हुए है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले के दौरान गोली चलाई गई या नहीं। पुलिस फिलहाल कुछ भी बोलने से कतरा रही है।
दूसरी तरफ मृतक के परिजन व समाज के लोगों ने हत्यारों को गिरफ्तार करने के साथ ही उचित मुआवजे की मांग को लेकर शव उठाने से मना कर दिया है। पुलिस अधिकारियों की उनके साथ वार्ता चल रही है।
पूर्व में कहा गया था कि कुछ शिकारियों को ग्रामीणों ने घेर लिया। अन्य शिकारी तो भाग निकले, लेकिन एक शिकारी उनके हत्थे चढ़ गया। इस दौरान उसके हाथ में थामी बंदूक से चली गोली से उसकी जान चली गई। लेकिन अब सामने आया कि यह मामला पत्थर खनन से जुड़े विवाद का है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.