जोधपुर के प्रताप नगर सी सेक्टर में प्रशासन शहर के संग कैंप में निगम कर्मी से पार्षद पति ने की धक्का- मुक्की। इस पर निगम कर्मी ने आयुक्त को शिकायत कर थाने में मामला दर्ज करवाने को कहा। दरअसल, प्रताप नगर कैंप में मैरिज सर्टिफिकेट काउंटर पर राज कल्ला सेवाएं दे रहा था। दोपहर में प्रताप नगर सी सेक्टर वार्ड नम्बर 12 की पार्षद शाहीन अंसारी के पति रफीक अंसारी अपने साथ कुछ लोगों को लेकर आए। वहां पहुंच कर उन्होंने एक व्यक्ति का मैरिज सर्टिफिकेट बनाने को कहा।
उस व्यक्ति ने बताया कि उसके दो पत्नियां है। उसका मैरिज सर्टिफिकेट बनाना है। इस पर निगम कर्मी ने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि दो पत्नियों होने पर सर्टिफिकेट नहीं बनता। इस बात से खफा होकर पार्षद पति ने निगम कर्मी पर दबाव बनाया। दोनों में झड़प हो गई। कैंप में करीब आधे घंटे तक तमाशा चलता रहा। वहां उप महापौर अब्दुल करीम जोनी भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने बीच में आना मुनासिब नहीं समझा। ऐसे में अन्य निगम कर्मियों ने एकत्र होकर मामले को शांत किया।
निगम कर्मी राज कल्ला ने बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने आयुक्त को लिखित में पत्र देकर शिकायत की और कैंप में काम कर रहे निगमकर्मी की सुरक्षा की मांग भी की।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.