प्रदेश कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के 4 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन और आंदोलन की रणनीति बना रही है। जन आक्रोश रैली से भाजपा का उद्देश्य सत्ता विरोधी माहौल बनाना और सरकार की विफलताओं का लाभ उठाना है, जिसको लेकर भाजपा द्वारा जन आक्रोश रैली की तैयारी की जा रही है। जिले की चारों विधानसभा में आयोजित होने वाली रैली की तैयारियों को लेकर संचालक मंडल और पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जन आक्रोश रैली की तैयारी, यात्रा मार्ग और आयोजन की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा की गई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष बृजलाल डिकोलिया ने बताया कि जन आक्रोश रैली के दौरान जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक, वर्तमान अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों को जन आक्रोश रैली में अपनी भूमिका अदा करने का बराबर का मौका दिया जाएगा। साथ ही रैली के माध्यम से जिले की समस्याओं और सरकार की विफलताओं की ओर जिले वासियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास होगा।
3 दिसंबर से शुरू होने वाली जन आक्रोश रैली प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगी। जहां प्रत्येक गांव, ढाणी में 1 माह तक सरकार की विफलताओं का प्रचार प्रसार किया जाएगा। जिले वासियों की समस्याओं और कानून व्यवस्था को लेकर भी जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही स्थानीय मुद्दों पर भी आमजन से चर्चा होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.