करौली में नादौती के धोलेटा गांव से करीब 25 दिन पहले गायब हुए किशोर का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। किशोर की तलाश की मांग को लेकर राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा के नेतृत्व में शुक्रवार को टोडाभीम पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय के बाहर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। एएसपी सुरेश मीणा के द्वारा 10 दिन के भीतर कार्रवाई करने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया।
राज्यसभा सांसद डॉक्टर मीणा ने कहा कि नादौती से गायब हुए किशोर के मामले को लेकर पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मामले को लेकर वार्ता के बाद 10 दिन का समय दिया गया है। यदि पुलिस द्वारा 10 दिन के अंदर किशोर को बरामद नहीं किया जाता है तो उनके नेतृत्व में नादौती में उग्र आंदोलन किया जाएगा और दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक को जाम किया जाएगा। सांसद किरोडी मीना ने कहा कि जब तक किशोर बरामद नहीं हो जाता, तब तक पुलिस और मेंरे बीच कड़ा संघर्ष होगा। जिसकी जिम्मेदारी टोडाभीम पुलिस की होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की लाठी से डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस की लाठी संत की छड़ी हैं। उन्होंने कहा कि टोडाभीम पुलिस एक पार्टी विशेष के लिए काम कर रही है। यहां की पुलिस का कांग्रेसीकरण हो गया है। टोडाभीम क्षेत्र में लूट, हत्या, डकैती, रेप की वारदातें खुलेआम हो रहे हैं। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक पृथ्वीराज मीना का नाम लेते हुए कहा कि टोडाभीम की जनता ने प्रदेश में सबसे अधिक 73 हजार वोटों से जीताकर विधानसभा में भेजा है और प्रदेश में सबसे अधिक अपराध टोडाभीम क्षेत्र में ही हो रहे हैं।
पूर्व विधायक बत्तीलाल मीना ने कहा कि धौलटा गांव से किशोर टीकाराम मीणा का रहस्मयी तरीके से गायब हो जाता हैं। जिसका मामला नादौती पुलिस थाने में दर्ज करवाने के बाद भी पुलिस आज तक उसे ढूंढने में असफल रही है। राजेन्द्र शेखपुरा ने कहा कि पुलिस 25 दिन पहले गायब हुए किशोर को ढूंढने में असफल हुई है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था खराब हो गई है। इस दौरान पूर्व विधायक बत्तीलाल मीना, शेरसिंह रायसना, गोवर्धन सिंह जादौन, राजेंद्र शेखपुरा, मंगल राम गहलोत, धुंधी धडंगा, पूर्व सरपंच रघुवीर, पूर्व प्रधान रामसिंह मीना, छप्पन सादपुरा, धारा सादपुरा, गजानंद शर्मा, राकेश मोहनपुरा सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.