भगवान विष्णु के चौथे अवतार श्री नृसिंह जी महाराज की जयंती पर शनिवार को कस्बे की पंचमेड़ी धाम नृसिंह मंदिर पर पाटोत्सव कार्यक्रम मनाया गया। कार्यक्रम में भगवान नृसिंह जी महाराज की मनोरम झांकी सजाई गई और विशाल भंडारा आयोजित हुआ। भगवान की झांकी के दर्शन करने और भंडारे में प्रसादी के लिए मंदिर पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। नृसिंह जी की कथा सुनने के लिए मंदिर परिसर में देर शाम तक श्रद्धालु जमे रहे। शनिवार को नृसिंह जयंती के पर्व पर कस्बे के पंचमेड़ी धाम स्थित श्री नृसिंह मंदिर पर संत श्री मुनीश्वर दास जी महाराज के सान्निध्य में पाटोत्सव कार्यक्रम मनाया गया। कार्यक्रम में सुबह भगवान नृसिंह महाराज का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संत मुनीश्वर दास जी महाराज ने पंचामृत से अभिषेक किया गया। अभिषेक के उपरांत भगवान की मनोरम झांकी सजाकर विशेष पूजा अर्चना की गई। कार्यक्रम में सुबह 11 बजे विशाल भंडारा शुरू हुआ जिसमें देर शाम तक सैकड़ों लोगो ने पंगत लगाकर प्रसादी पाई। पाटोत्सव कार्यक्रम में संत मुनीश्वर दास जी महाराज ने लोगों को नृसिंह अवतार की कथा सुनाई। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं द्वारा भगवान नृसिंह जी महाराज की सामूहिक रूप से विशेष आरती की गई। नृसिंह भगवान की झांकी के दर्शन करने, कथा सुनने और भंडारे में प्रसादी के लिए मंदिर पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। पाटोत्सव कार्यक्रम में कस्बा गुढाचंद्रजी सहित जिला दौसा, अलवर, जयपुर, महुवा, बांदीकुई, भरतपुर, धौलपुर सहित आसपास के गांव आमलीपुरा, रघुनाथ पुरा, मांचडी, घाटोली, तिमावा, राज का कुवा, गिदानी सहित कई गांवों के सैकड़ों लोगों ने भगवान के पाटोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया और भगवान की झांकी के दर्शन कर अपने परिवार की उन्नति और खुशहाली की कामना की।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.