बूंदी के तालेड़ा बाइपास पर शनिवार अज्ञात वाहन ने बलेनो कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और ड्राइवर का शव फंस गया। पुलिस ने राहगीरों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
एएसआई देवेन्द्र दीक्षित ने बताया कि हादसे में बूंदी के विकास नगर निवासी शिवम (30) पुत्र सतीश अरोड़ा की मौत हो गई। शनिवार सुबह वह बलेनो कार लेकर कोटा जाने के लिए निकला था। सुबह करीब 9 बजे तालेड़ा बाइपास पर अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह डेमेज हो गई। कार के अंदर शिवम का शव फंस गया। क्षतिग्रस्त कार को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को कार से बाहर निकाला। जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए एम्बुलेंस की मदद से शव को मोर्चरी भिजवाया गया।
वन-वे पर लगा जाम
फोरलेन पर एक साइड निर्माण चलने के कारण वन-वे किया हुआ था। सुबह करीब 8 बजे शिवम घर से कार लेकर निकाला था और तालेड़ा बाइपास पर हादसा हो गया। एक्सीडेंट के बाद कोटा-बूंदी फोरलेन पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को रोड किनारे कर बाधित यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस का मानना है कि सुबह कोहरे के कारण आगे चल रहे किसी वाहन में शिवम की कार घुस गई। टक्कर होने के बाद वह वाहन तो चला गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन कार को टक्कर मारते हुए निकल गया। पुलिस टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.