बूंदी जिले में शुक्रवार देर रात कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। जिले के हिंडोली, नारायणपुरा, दलेलपुरा, फोलाई, तालाब गांव, सिलोर सहित कई इलाकों में मेघ गर्जना के साथ बेर के आकार के ओले गिरे। बूंदी शहर में देर रात से रुक-रुक कर मावठ गिर रही है। शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। हाईवे पर वाहनों की लाइट जलाकर धीमे गति से निकलना पड़ा। शनिवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कुछ जगहों पर गेहूं की फसल को मावठ से सर्वाधिक लाभ मिला। कई इलाकों में देर तक हुई ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। देर शाम को सर्वाधिक बारिश हिंडोली उपखण्ड क्षेत्र में हुई। इस इलाके में ओलों की चादर भी बिछी दिखाई दी। बूंदी में 7, हिंडोली 8, इंद्रगढ़ में 5, नैनवां में 4, केशवराव पाटन में 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अचानक बिगड़े मौसम से आमजन का जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है।
बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से रबी फसलों में खराबा होने से किसानों के चेहरे मायूस नजर आए। किसानों ने फसलों में खराबा देख कृषि विभाग को सूचना दी है। जिले के ओलावृष्टि इलाकों में खेतों में लहरा रही सरसों, गेहूं व मसूर की फसलों में बरसात व ओलावृष्टि से काफी नुकसान हुआ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.