बारां के कृषि उपज मंडी गेट के बाहर शनिवार शाम करीब 5 बजे बदमाश ने एक युवक की हत्या कर दी। उसने दो राउंड फायर किए। उसके बाद युवक को सड़क पर पटककर सरिए से तब तक हमला करता रहा, जब तक उसकी जान न निकल गई। बेरहमी से हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ बदमाश आसपास चक्कर लगाता रहा। इस दौरान वह लगातार फोन पर किसी से बात करता रहा। यह पूरी वारदात वहां की सीसीटीवी में कैद हो गई।
मरने वाले का नाम आजाद (16) था। वह श्रमिक कॉलोनी का रहने वाला था। मर्डर की सूचना शहर में आग की तरह फैल गई। आसपास दहशत मच गई। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। आजाद पर दो दिन पहले भी हमला हुआ था, जिसकी रिपोर्ट सदर थाने में दी। फिलहाल हमलावर की पहचान नहीं हुई है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। झगड़े के कारणों का भी पता नहीं चला है। पुलिस मौके पर जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, आजाद ट्रक पर काम करता था। आरोपी मंडी गेट के पास सड़क पर तिरपाल की दुकान लगाता है। शनिवार को घटना से पहले आजाद ट्रक से मजदूरी करके अपने दो-तीन साथियों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान मंडी गेट के सामने उसकी हत्या कर दी गई। आरोपी से आजाद की एक साल से रंजिश चल रही थी। दो दिन पहले भी दोनों का झगड़ा हुआ था।
2 खोखे बरामद
पुलिस को मौके से 2 खोखे (गोली के खोल) बरामद हुए हैं। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। अभी तक शव नहीं लिया है। मौके पर मौजूद एसपी विनीत बंसल ओर एएसपी विजय स्वर्णकार परिजनों को समझाने में जुटे हैं।
असमंजस की स्थिति
घटना के कारणों को लेकर अभी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। साथ ही, आजाद की उम्र को लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है। परिजनों ने आजाद की उम्र 16 साल बताई है, जबकि पुलिस के मुताबिक आजाद बालिग है। पुलिस ने आजाद के भाई इतिहास अली की रिपोर्ट पर मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता लगाने में पुलिस अधिकारी जुटे हुए हैं।
वीडियो- शुभम निमोदिया,बारां
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.