जिले के कैथून थाना क्षेत्र के अरंडखेड़ा गांव में आज एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवक, खेत के पास निकल रही छोटी नहर में उल्टा पड़ा हुआ था। पैर व घुटनों पर नाखून के निशान थे। शर्ट व जेब भी फटी हुई थी। परिजन उसे लेकर हॉस्पिटल पहुंचे। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने चेक कर उसे मृत घोषित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए कैथून सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक बंटी सुमन (25) अरंडखेड़ा का निवासी था।
मृतक के ताऊ के लड़के राकेश सुमन ने बताया कि उसके चाचा 8 लेन पर चौकीदारी का काम करते है । वहां पर ही उनका खेत भी है। सुबह उसके चाचा खाना खाने घर आ गए थे। उनका लड़का बंटी सुबह 8 बजे करीब खेत पर चला गया। साढ़े नो बजे के आसपास जब चाचा खेत पर पहुंचे तो वहां बृजनगर डिस्ट्रीब्यूटर (छोटी नहर) में बंटी उल्टा पड़ा हुआ था। नहर में केवल 4 इंच पानी था। उसके पैर व घुटनों पर नाखूनों के निशान थे। उसकी शर्ट भी फटी हुई थी।
राकेश ने बताया कि 8-10 दिन पहले ही गांव के किसी लड़के से बंटी का झगड़ा हुआ था। युवक ने अकेले मिलने पर पिटाई करने की धमकी दी थी। जिसपर बंटी ने कहा था में खेत पर अकेला ही मिलता हूं। बंटी अपने पिता का इकलौता बेटा था। उससे एक बड़ी व एक छोटी बहिन है। बंटी खेती का काम करता था।
कैथून थाना ASI बाबु लाल ने बताया कि परिजनों ने शिकायत दी है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। शिकायत के आधार पर मामले के जांच की जा रही है।
फोटो, वीडियो-दीपेश, कैथून
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.