मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोटा में भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जगपुरा में यात्रा के ठहराव स्थल जाकर प्रशासनिक अधिकारियों से की चर्चा की। इस दौरान सीएम गहलोत ने कहा कि गुजरात में सरकार विरोधी भयंकर लहर है। मोदी जी ने पूरा गुजरात छान मारा। घर, मोहल्ला, गली में जाने की कहावत है ना, ऐसे एकदम प्रचार कर रहे हैं। कल भी 50 किलोमीटर रोड शो किया है।
आप सोच सकते हो कि यह स्थिति क्यों बनी है? प्रधानमंत्री को बार-बार आने की जरूरत क्यों पड़ रही है? अमित शाह केंप किए हुए है। केंद्रीय मंत्री रोज के रोज आते है। ऐसा क्या है गुजरात के अंदर? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली की समस्या, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दे छोड़कर गुजरात आ रहे हैं, इसका मतलब कोई तो डर होगा उनको। इसलिए में कह रहा हूं, गुजरात मे चौंकाने वाले परिणाम भी आ सकते हैं।
भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे गहलोत
दरअसल, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के प्रवेश से पहले आज सीएम अशोक गहलोत तैयारियों का जायजा लेने कोटा पहुंचे। कोटा पहुंचकर सीएम अशोक गहलोत, यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल, मंत्री रामलाल जाट के साथ हेलीकॉप्टर से झालावाड़ रवाना हुए। जहां मध्यप्रदेश के बाद राजस्थान में प्रवेश होने वाली भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों का जायजा लेंगे। यात्रा के रूट, कार्नर मीटिंग्स सहित तैयारियों की समीक्षा कर स्थानीय कांग्रेस नेताओं से करेंगे चर्चा।
तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दोपहर 12 बजे स्पेशल प्लेन से गुजरात के अहमदाबाद से रवाना होकर दोपहर 1 बजे कोटा पहुंचना था। लेकिन गहलोत करीब 1 घंटा लेट कोटा एयरपोर्ट पर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मंत्री शांति धारीवाल मंत्री रामलाल जाट ,परसादी लाल मीणा अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष रफीक खान, विधायक रामनारायण मीणा, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता, कांग्रेस नेता अमित धारीवाल, जिला अध्यक्ष रविंद्र त्यागी सहित कांग्रेस नेताओं ने सीएम गहलोत का स्वागत किया। गहलोत ने कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।
करीब 20 मिनट बाद झालावाड़ के लिए रवाना हुए। गहलोत, झालावाड़ से सड़क मार्ग से रायपुर जाएंगे। रायपुर में निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लेंगे। फिर झालावाड़ से रवाना होकर कोटा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। हाड़ौती विकास मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष राजेंद्र सांखला ने बताया कि सीएम गहलोत शाम 6 बजे कोटा सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं की मीटिंग लेंगे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.