कोटा के नयापुरा थाना में माला फाटक व बोरखेड़ा पुलिया के बीच रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिला। मृतक को पहचान विष्णु मीणा (35) निवासी गम्भीरा गांव,मलारना डूंगर जिला सवाई माधोपुर के रूप में हुई। विष्णु रेलवे में लोको पायलट था। लंबे समय से परिवार के साथ कोटा में रह रहा था। तड़के 3 बजे करीब ड्यूटी के लिए निकला था। दिल्ली मुंबई रेल मार्ग की डाउन लाइन पर उसका शव मिला। उसका चेहरा कुचला हुआ था। ऐसे में हत्या की भी आशंका जताई जा रही है।
मृतक के साथी लोको पायलट खुमराज मीणा ने बताया कि विष्णु साल 2013 से कोटा में पोस्टेड था। गर्मी की छुट्टी होने की वजह से उसकी पत्नी व दो बच्चे गांव गए हुए थे। फिलहाल वो कोटा में अकेला ही था। तड़के 3 बजे करीब उसकी 2474 रतलाम ट्रेन पर ड्यूटी थी। अल सुबह रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। हादसा कैसे हुआ पुलिस इस बारे में जांच कर रही है।
नयापुरा थाना के हेड कॉन्स्टेबल भरत राज ने बताया कि सुबह सवा 4 बजे रेलवे ट्रेक पर डेडबॉडी पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर देखा तो चेहरा कुचला हुआ था। विष्णु ने कोटा में मकान बना रखा है, फैमिली यहीं रहती है। छुट्टी होने के कारण पत्नी बच्चों के साथ गांव गई हुई थी। विष्णु का सुबह ड्यूटी पर जाना बताया है। फिलहाल परिजनों ने शिकायत नहीं दी है। मामले की जांच की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.