राजस्थान पुलिस की वर्दी फिर दागदार हुई है। मदद के नाम पर रेप करने का आरोप महिला ने लगाया है। झालावाड़ महिला थाने में तैनात SI विजय सिंह चौधरी पर FIR हुई है। दोनों एक-दूसरे को 6-7 साल से जानते हैं। महिला ने कोटा शहर के विज्ञान नगर थाने में रिपोर्ट दी है। उसने कहा है कि जिंदगी भर साथ रहने का वादा किया, अब वह मुकर गया है। उधर, आरोपी SI ने सफाई दी है। कहा कि उधार के रुपए मांगे तो आरोप लगाकर बदनाम करने लगी है।
पति की हो चुकी है मौत
पीड़िता (43) ने बताया कि डेढ़ साल पहले उसके पति की मौत हो चुकी है। उसके दो बेटे हैं। इनमें से एक की शादी हो गई है। दूसरा बेटा 19 साल का है। पीड़िता पहले ब्याज पर रुपए देती थी। 2014 में किसी महिला द्वारा 7 लाख रुपए नहीं चुकाने पर उसकी शिकायत विज्ञान नगर थाने में दी थी। उस समय ASI विजय सिंह चौधरी (58) से मुलाकात हुई थी। विजय सिंह ने महिला से रुपए दिलवाने में मदद की और 26 हजार रुपए महीने के हिसाब से 17 महीने की किस्त बंधवाई थी। वो हर महीने किस्त के पैसे लेने थाने में विजय सिंह के पास जाती थी। इस कारण दोनों के बीच मुलाकातें होने लगीं।
वैष्णो देवी और उज्जैन में रेप
विजय सिंह परिवार के साथ महिला के घर आने-जाने लगा। दोनों परिवार साथ में वैष्णो देवी, उज्जैन तक घूमने गए थे। महिला ने कहा है कि इन जगहों पर विजय ने शारीरिक संबंध बनाए और मरते दम तक साथ नहीं छोड़ने का वादा किया। यह बात विजय सिंह के घर वालों को पता चली तो उसकी पत्नी और बेटे ने मारपीट की। इसकी शिकायत कोटा के बोरखेड़ा थाने में दी थी। पारिवारिक पहचान होने के कारण राजीनामा हो गया।
स्टांप पर लिखकर दिया पूरी जिंदगी साथ दूंगा
पीड़िता का कहना है कि जब राजीनामा हो गया, तब भी विजय सिंह से उसका संपर्क था। इस घटना के बाद विजय सिंह ने वकील के जरिए 500 रुपए के स्टांप पर दोनों का फोटो लगाकर लिखकर दिया था कि वो मुझे पत्नी का दर्जा देगा। उसने लिखा था कि मैं पत्नी का दर्जा देने के साथ ही पूरी जिंदगी साथ दूंगा। पिछले एक महीने से वह अपने वादे से मुकर गया।
SI विजय सिंह बोले- आरोप झूठे
SI विजय सिंह ने आरोप को झूठा बताया है। उन्होंने कहा- महिला से पारिवारिक संबंध थे। उनकी पत्नी ने 5 लाख रुपए उधार रुपए दे रखे हैं। ढाई लाख खाते में डलवाए थे। महिला रुपए देने से इनकार कर रही है। धमकी दे रही है कि झूठे आरोप लगा दूंगी। मैंने किसी भी स्टांप पर साइन नहीं किए। उन्होंने फर्जी बनाया हो तो तो कह नहीं सकता। विज्ञान नगर थाना सीआई महेश सिंह ने बताया की पीड़िता ने एसपी को शिकायत दी थी। इस पर विजय सिंह चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.