कोटा में सोमवार देर शाम को आई तेज आंधी और बारिश के चलते अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि 5 जने घायल हो गए। घायलों को एमबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। चार कच्चे मकानों की दीवार ढह गई जबकि एक जगह पेड़ गिरने से उसमें युवक दब गया। सोमवार देर शाम को कोटा में अचानक मौसम पलटा और तेज आंधी चलने लगी। जिसके चलते अलग-अलग हादसे हुए। रेलवे कॉलोनी इलाके में रंग पूर्व प्रताप कॉलोनी में तेज आंधी के चलते मकान की दीवारें गिर गई। यहां दो अलग-अलग हादसे हुए। रंगपुर इलाके में एक कच्चे मकान की दीवार गिर गई जिससे युवक गोलू घायल हो गया उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। इसी तरह प्रताप कॉलोनी में उड़िया बस्ती में एक पेड़ आंधी के चलते मजदूरों की झोपड़ी पर गिर गया। जिससे एक महिला के सिर में चोट आई। वही चार अन्य कच्चे मकान भी क्षतिग्रस्त हुई है।
बोरखेड़ा में दीवार ढही, चार घायल
वही बोरखेड़ा इलाके में मकान की दीवार गिरने के चलते 4 लोग घायल हो गए इनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। पहला मामला चंद्रेसल इलाके का है जहां पर एक कच्चे मकान की चद्दर आंधी की वजह से गिर जाने के चलते एक 90 साल की महिला भूरी बाई घायल हो गई। वही नया नोहरा में पड़ोसी के कच्चे मकान की दीवार ढहकर एक मकान की तरफ जा गिरी। इस हादसे में मधु नामक महिला और दो बच्चियां जोया और जिया घायल हो गई। इन्हें भी एमबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पेड़ के नीचे दबने से मौत
नयापुरा थाना इलाके में पेड़ के नीचे दबने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार परमानंद नयापुरा में गार्डन में घूमने गया था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश और आंधी चलने लगी। वह गार्डन में ही एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। जहां आंधी की वजह से पेड़ गिरा और पेड़ के नीचे दबने से परमानंद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.