मसाला फसल जीरे में लगातार दूसरे दिन बड़ी गिरावट का दौर जारी रहा। व्यापारिक सप्ताह के दूसरे दिन जीरे में 900 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखने को मिली, जिस वजह से जीरे के अधिकतम भाव 30,600 रुपए प्रति क्विंटल रह गए है। इन दो दिनों में जीरे के भावों में 2,900 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आई है।
आपको बता दें कि पिछले डेढ़-दो महीने से लगातार जीरे के भावों में उछाल बना हुआ था। मगर पिछले 10 दिनों से जीरे में हल्की गिरावट शुरू हुई। यानी कभी 200 से 300 रुपए की गिरावट होती तो कभी वापस 200 से 400 रुपए प्रति क्विंटल उछाल भी हो रहा था। यानी कुल मिलाकर पिछले 15 दिनों की बात की जाए तो मेड़ता कृषि उपज मंडी में 33,500 से लेकर 34,500 रुपए के बीच जीरे के भाव चल रहे थे मगर पिछले दो महीने में ऐसा पहली बार हुआ है कि सिर्फ दो व्यापारिक दिनों में जीरे के भावों में 2,900 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आई हो।
मंडी में शनिवार को जीरे के भाव 33,500 रुपए थे, जो सोमवार को 2,000 रुपए की गिरावट के साथ ही 31,501 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गए, जबकि मंगलवार को फिर 900 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट के साथ ही जीरे के भाव 30,600 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गए है। एक्सपर्ट के मुताबिक अब आगामी कुछ दिन भावों में ज्यादा उछाल या गिरावट नहीं देखने को मिलेगी। यानी भाव स्थिर रह सकते हैं।
जानिए... एक सप्ताह में किस तरह रहे जीरे के भाव
दिन - भाव (क्विंटल में)
17 जनवरी - 34,250
18 जनवरी - 33,000
19 जनवरी - 33,500
20 जनवरी - 33,000
21 जनवरी - 33,500
23 जनवरी - 31,502
24 जनवरी - 30,600
इस वजह से आई गिरावट
बाजार एक्सपर्ट एमके प्रजापत ने बताया कि कम्युनिटी बाजार में पिछले काफी दिनों से दबाव नजर आ रहा था, इस वजह से सोमवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। यहीं वजह मंडी में जीरे के भावों में गिरावट का कारण बनी है। शेयर बाजार में मंगलवार को भी गिरावट रहने के कारण फिर जीरे के भावों में गिरावट आई है। जीरे में गिरावट का सबसे बड़ा कारण यह भी है कि ट्रेडर अपना मुनाफा कमाकर कम्युनिटी बाजार में वापस जीरा सेल कर रहे हैं। इस कारण पिछले 10 दिनों से जीरे में हल्की गिरावट चल रही थी, मगर अब एकदम से बड़ी गिरावट देखने को मिली है। अब भाव कुछ स्थिर रहने के आसार है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.