बिना पर्ची के SDM डॉक्टर को इमरजेंसी में दिखाने पहुंचा। डॉक्टर ने बोला- पर्ची कहां है, SDM बोले आप ही ले आओ पर्ची। डॉक्टर बोला- मैं क्यों पर्ची लाऊं, ये मेरा काम नहीं है। जिसको दिखाना है वही पर्ची लाएगा। फिर क्या था। डॉक्टर और SDM में बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे को धमकी तक दे डाली। मामला नागौर का शनिवार शाम साढ़े 5 बजे का है। इसका VIDEO सोमवार को सामने आया है।
पढ़िए- कैसे शुरू हुई बहस...
जगह- जेएलएन हॉस्पिटल।
समय- शनिवार शाम साढ़े 5 बजे।
इमरजेंसी में डॉ. विजय चौधरी की ड्यूटी थी।
जायल SDM सुनील सियाग हॉस्पिटल पहुंचे और डॉक्टर को चेकअप के लिए कहा। डॉक्टर ने SDM से पर्ची मांगी।
SDM ने डॉक्टर को कहा- आप ही पर्ची ले आओ।
डॉक्टर ने कहा- पर्ची लाने का काम नहीं है मेरा।
चौधरी को जब सुनील ने बताया कि वे जायल के एसडीएम है।
डॉक्टर ने कहा कि SDM है तो अपनी जगह है, मेरे ऊपर नहीं। मैं अपना काम कर रहा हूं।
इस पर SDM सियाग को तैश आ गया।
दोनों में बहस शुरू हो गई। दोनों एक-दूसरे को अपने-अपने रुतबे का धौंस दिखाने लगे। डॉक्टर का एक साथी इसी दौरान VIDEO बनाने लगा। इस पर SDM ने कहा- वीडियो क्यों बना रहे हो। विवाद बढ़ता देखकर SDM का साथी उन्हें पकड़कर इमरजेंसी से बाहर ले गया।
एक-दूसरे को दी धमकी
हाई प्रोफाइल ड्रामे के बीच SDM को जब साथी इमरजेंसी से बाहर ले जाने लगा तो डॉ. चौधरी ने अभद्र भाषा भी बोली। कहा कि फोड़ डालेंगे, बकवास किसको कह रहा है। SDM होगा तो अपने घर में होगा। SDM ने कहा कि वापस आता हूं, रुकना।
एसडीएम बोले- मिस अंडरस्टैंडिंग हो गई थी
जायल SDM सुनील सियाग से जब बात की तो उन्होंने कहा कि कुछ नहीं हुआ था, मिस अंडरस्टैंडिंग हो गई थी। मामला सुलझ गया है। उनसे घटना के बारे में पूछा तो जयपुर में होने और गाड़ी चलाने की बात कहकर फोन काट दिया।
PMO बोले- दोनों से समझाइश की
हॉस्पिटल के PMO डॉ. महेश पंवार ने कहा कि शनिवार को डॉ. विजय चौधरी इमरजेंसी में दिन की ड्यूटी पर थे। एसडीएम जायल अपनी बीमारी के संबंध में चेकअप के लिए आए थे। पर्ची को लेकर एसडीएम और चौधरी का आपसी विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों ने बैठकर मसला सुलझा लिया था। शाम को ही घर पर दोनों को बुलाकर समझाइश की थी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.