लॉकडाउन के बीच भीलवाड़ा में महिलाओं से उठक-बैठक कराने का मामला सामने आया है। यह महिलाएं चूल्हा जलाने के लिए लकड़ियां लेने जा रही थीं। एक वीडियो सामने आने के बाद यह पूरा मामला सामने आया है। घटना 16 अप्रैल की बताई जा रही है।
वीडियो में नजर आ रहा है कि वन विभाग का एक कर्मी महिलाओं से उठक-बैठक लगवा रहा है। इनमें कुछ बुजुर्ग महिलाएं भी हैं। बताया जा रहा है कि मामला बिजौलियां इलाके के गोवर्धनपुरा गांव का है। यहां के तीखी वनखंड में महिलाएं चूल्हा जलाने के लिए लकड़ियां लेने आई थीं। लकड़ियां ले जाते वक्त वनकर्मी लादूलाल शर्मा ने महिलाओं को रोक लिया।
वनकर्मी ने इसके बाद महिलाओं को जुर्माना भरने के लिए कहा गया। पैसे नहीं होने के कारण उनसे उठक-बैठक लगवाई गई। वीडियो में वनकर्मी महिलाओं के अच्छे से उठक-बैठक लगाने के लिए कहता नजर आ रहा है।
भाजपा नेता ने कहा- यह अमानवीय कृत्य
रविवार को चूरू भाजपा के एमएलए राजेंद्र राठौड़ ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इस वीडियो को शेयर किया। उन्होंने लिखा- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी इस अमानवीय कृत्य के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। इसके बाद यह वीडियो वायरल हो गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.