राजस्थान में नए मुख्य सचिव और आरपीएससी चेयरमैन पद की दौड़ तेज हो गई है। दोनों पदों पर दो महिलाएं भी काबिज हो सकती हैं। ऐसी सम्भावनाएं बननी शुरू हो गई हैं। मुख्य सचिव निरंजन आर्य 31 जनवरी को रिटायर होने जा रहे हैं। जबकि आरपीएससी के कार्यवाहक चेयरमैन शिव सिंह राठौड़ भी 29 जनवरी को रिटायर होने जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री चाहते हैं कि निरंजन आर्य आरपीएससी चेयरमैन पद सम्भालें। लेकिन इसके लिए निरंजन आर्य की पत्नी संगीता आर्य को आरपीएससी मेम्बर पद से इस्तीफा देना होगा। जिस पर बात नहीं बन रही है।
RPSC में सबसे सीनियर मेम्बर हैं राजकुमारी गुर्जर
संगीता आर्य साल 2013 में कांग्रेस के टिकट पर सोजत विधानसभा से विधायक का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। हालांकि, वे जीत हासिल नहीं कर सकी थीं। मुख्यमंत्री के ओएसडी पुखराज पाराशर का भी आरपीएससी चेयरमैन पद के लिए नाम चल रहा है। अगर सरकार ने फिलहाल फुलटाइम चेयरमैन नियुक्त नहीं किया। तो सबसे सीनियर सदस्य राजकुमारी गुर्जर को चेयरमैन पद का चार्ज सौंपा जा सकता है। पिछले बीजेपी राज में राजकुमारी की नियुक्ति हुई थी। उनका कार्यकाल दिसम्बर 2022 तक रहने वाला है।
CS की रेस में IAS उषा शर्मा सबसे सीनियर
नए मुख्य सचिव की रेस में सीनियोरिटी के लिहाज से आईएएस उषा शर्मा हैं। जिनके लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी की पैरवी भी बताई जाती है। उषा शर्मा मुख्य सचिव बनाई जाती हैं तो वे राज्य में दूसरी महिला मुख्य सचिव होंगी। उनसे पहले पिछली कांग्रेस सरकार में कुशल सिंह मुख्य रही बनी थीं। फिलहाल उषा शर्मा डेपुटेशन पर दिल्ली में हैं। उनके अलावा पीके गोयल और डॉ सुबोध अग्रवाल के नाम भी सीएस पद की दौड़ में शामिल हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.