जयपुर में 12 दिसंबर को होने वाली कांग्रेस रैली की तैयारी बैठक के 2 दिन बाद पूर्व मंत्री बृजकिशोर शर्मा कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 30 नवंबर को कांग्रेस मुख्यालय में हुई बैठक में शर्मा भी शामिल हुए थे। उन्होंने मास्क ठीक तरीके से नहीं लगाया था। मास्क नाक से नीचे थे। उनके साथ शामिल लोगों पर अब संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है। उनके आसपास तो कई मंत्री और विधायक थे। बैठक से पहले भारी भीड़ के बीच बृजकिशोर कई नेताओं से मिले थे।
गुरुवार को बृज किशोर शर्मा के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अब उनसे मिलने वाले कई नेताओं की चिंता बढ़ गई हैं। रैली के लिए तैयारी के सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बुलाई गई बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रभारी अजय माकन और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ सरकार के 10 से ज्यादा मंत्री भी मौजूद थे। बैठक में मौजूद ज्यादातर नेता बिना मास्क थे। इसलिए खतरा और बढ़ गया है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के हॉल में हुई बैठक में भारी भीड़भाड़ थी।
बैठक में मौजूद नेताओं ने खुद को आइसोलेट नहीं किया
बृजकिशोर शर्मा के पॉजिटिव आने के बाद उनके संपर्क में आने वाले नेताओं को कोविड प्रोटोकॉल के हिसाब से खुद की जांच करवाकर रिपोर्ट आने तक आइसोलेट होना था। अब तक किसी भी नेता ने खुद को आाइसोलेट नहीं किया है। उस बैठक में शामिल नेता उसके बाद प्रदेश भर में जा चुके हैं, इसलिए खतरा और बड़ा हो गया है।
रैली की तैयारी बैठक में ही 1 पॉजिटिव तो लाखों की भीड़ में क्या होगा?
कांग्रेस और बीजेपी कोरोना के खतरे के बावजूद जयपुर में बड़ी रैलियां करने पर अड़े हैं। कांग्रेस की बैठक में डेढ़ सौ से ज्यादा नेता मौजूद थे। इसी में से एक बृजकिशोर शर्माा के रूप में पॉजिटिव केस आया है। अब रैली में जुटने वाली हजारों की भीड़ में कोविड प्रोटोकॉल का पालन होना लगभग नामुमकिन सा है। ऐसे में भीड़ से कोरोना के केस बढ़ने तय हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.