राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज राजस्थान में तीसरा दिन था। कोटा में चल रही यात्रा के दिन का दूसरा फेज शाम 6.30 बजे लाडपुरा में खत्म हो गया। आज भारत जोड़ो यात्रा में 23 किलोमीटर का सफर हुआ।
यात्रा की समाप्ति पर हुई नुक्कड़ सभा में सचिन पायलट जैसे ही भाषण देने पहुंचे तो लाइट चली गई, फिर माइक बंद हो गया। इसके बाद पायलट भाषण देने के लिए कुछ मिनटों तक इंतजार करते रहे। 3-4 मिनट बाद माइक चालू हुआ। उसके बाद राहुल गांधी ने सभा को संबोधित किया।
सोनिया गांधी और राहुल गांधी कल सवाईमाधोपुर जाएंगे
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हो सकती हैं। सोनिया गांधी गुरुवार सुबह 9 बजे की फ्लाइट से जयपुर पहुंचेंगी। जयपुर एयरपोर्ट से सोनिया गांधी बूंदी और फिर सवाईमाधोपुर जाएंगी। राहुल गांधी भी 11 बजे यात्रा खत्म होने के बाद सवाईमाधोपुर जाएंगे। सोनिया गांधी सवाईमाधोपुर में जन्मदिन मनाएंगी। प्रियंका गांधी भी सवाईमाधोपुर पहुंच सकती हैं। 10 दिसंबर को सोनिया गांधी बूंदी जिले में राहुल की यात्रा में शामिल हो सकती हैं। 10 दिसंबर को यात्रा में राहुल के साथ केवल महिलाएं चलेंगी।
विपक्ष की तरफ कैमरा नहीं घूमता
राहुल ने कहा- लोकसभा टीवी को स्पीकर का चेहरा ही अच्छा लगता है, विपक्ष की तरफ कैमरा नहीं घूमता। राहुल गांधी ने कोटा के केवल नगर में हुई नुक्कड़ सभा में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला पर तंज कसा। राहुल गांधी ने कहा- आज बीजेपी RSS ने सभी को दबा दिया है। संसद में हमें बोलने नहीं दिया जाता। हमारे माइक बंद कर दिए जाते हैं। लोकसभा में कैमरा विपक्ष की तरफ घूमता ही नहीं। लोकसभा स्पीकर राजस्थान से हैं, लोकसभा टीवी को उनका चेहरा अच्छा लगता है, उन्हें ही दिखाता रहता है।
मोदी सरकार ने छोटे कारोबारियों की रीढ़ तोड़ दी
राहुल ने कहा- देश में बेरोजगार और महंगाई बड़े मुद्दे हैं। बड़े उद्योगपति रोजगार नहीं देते। छोटे दुकानदार और उद्योग रोजगार देते हैं। उनकी रीढ़ की हड्डी केंद्र ने तोड़ दी। पट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते ही जा रहे हैं। केंद्र सरकार केवल दो-चार उद्योगपतियों को फायदा दे रही है। उनका करोड़ों का कर्ज मिनटों में माफ कर दिया जा रहा है।
राहुल ने गहलोत सरकार की बड़ी योजनाओं की तारीफ की
राहुल गांधी ने गहलोत सरकार की योजनाओं की तारीफ की। कहा- गहलोत सरकार ने 22लाख किसानों का कर्जा माफ किया। 8 लाख लोगों का बिजली बिल जीरो हो गया है। चिरंजीवी योजना में 10 लाख का बीमा इलाज के लिए मिल रहा है। यह काम हमने MP, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी किया।
पीएम ने ERCP को राष्ट्रीय परियोजना बनाने का वादा पूरा नहीं किया
राहुल ने कहा- पीएम ने राजस्थान में दो बार वादा किया था। ERCP राष्ट्रीय परियोजना बनाएंगे। राजस्थान सरकार अपने पैसे से प्रोजेक्ट बनाना चाहती है तो रोकते हैं। इस योजना का 13 जिलों को फायदा होगा, लेकिन पीएम मुकर गए हैं।
इससे पहले आज सचिन पायलट ने निजी चैलन को दिए इंटरव्यू में कहा कि मेरे बारे में जो बोला गया उसका मुझे दुख हुआ और बुरा भी लगा। उन्होंने कहा कि फिर भी हमें अपने डायरेक्शन से भटकना नहीं है।
राजस्थान का प्रभारी बनने के बाद पहली बार सुखजिंदर सिंह रंधावा भी पहुंचे
बुधवार दोपहर में राजस्थान का प्रभारी बनने के बाद पहली बार सुखजिंदर सिंह रंधावा भी राहुल गांधी की यात्रा में पहुंचे। प्रभारी बनने के बाद पहली बार उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की। रंधावा से सचिन पायलट और दूसरे नेताओं ने भी मुलाकात की।
इधर, यात्रा के बीच कांग्रेस नेता रिजु झुनझुनवाला ने पार्टी छोड़ दी। झुनझुनवाला ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। रिजु 2019 में अजमेर से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। रिजु ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि वह अब पार्टी में कुछ एड करने की हालत में नहीं हैं।
लंच ब्रेक के दौरान कांग्रेस संगठन महासचिव वेणुगोपाल ने अग्रिम संगठनों की मीटिंग में नेताओं को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने यात्रा में अलग-अलग झंडों को लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं के प्रति नाराजगी जताई। वेणुगोपाल ने कहा कि सभी लोग केवल तिरंगा लेकर ही चलें। वहीं, राजस्थान के कांग्रेस के नए प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा राहुल गांधी से मिलने यात्रा कैंप पहुंचे।
एक दिन महिलाएं चलेंगी
इससे पहले हुई प्रेस कांफ्रेंस में जयराम रमेश ने बताया कि 10 दिसंबर को यात्रा में राहुल के साथ केवल महिलाएं चलेंगी। मध्य प्रदेश की तरह यहां भी एक दिन महिलाओं के लिए रिजर्व रखा गया है। इसकी शुरुआत 19 नवंबर को इंदिरा गांधी जयंती से हुई थी। वहीं, कल यात्रा आधे दिन की ही होगी। इसके बाद राहुल गांधी दिल्ली जा सकते हैं। रमेश ने बताया कि कल का सफर सुबह 11 बजे पूरा हो जाएगा। इस दौरान यात्री करीब 24 किलोमीटर चलेंगे।
सीएम अशोक गहलोत को लगातार लेटर लिखकर नाराजगी जताने वाले कांग्रेस के सांगोद विधायक भरत सिंह के क्षेत्र से आज यात्रा निकली। जिस दरा क्षेत्र से यात्रा की शुरुआत हुई, वह सांगोद विधानसभा क्षेत्र का इलाका था।
भरत सिंह की खान मंत्री प्रमोद जैन और यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल से नहीं बनती। भरत सिंह सीएम अशोक गहलोत को लगातार लेटर लिखकर मंत्रियों की शिकायत करने के अलावा कई मुद्दों पर नाराजगी जताते रहे हैं।
सतीश पूनिया ने राहुल गांधी से दूषित पानी से हो रही मौतों को लेकर सवाल किया-
यात्रा से जुड़े बड़े अपडेट
राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा में साथ चल रहे यात्रियों के साथ एक इमोशनल वीडियो ट्वीट किया...
राजस्थान में राहुल गांधी की यात्रा का तीसरा दिन तस्वीरों में....
ये भी पढ़ें
सिर्फ 5.30 घंटे सो रहे राहुल गांधी:4.30 बजे जागने से शुरू होता है दिन, सोने से पहले 1 घंटा पढ़ते हैं किताबें
भारत जोड़ो यात्रा में अब तक राहुल गांधी 7 राज्यों से गुजरकर 2500 किलोमीटर से ज्यादा का सफर कर चुके हैं। इस दौरान यात्रा के साथ-साथ वे दौड़ते, नाचते, खेलते और लगातार भाषण देते नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के सियासी पहलू से अलग उनकी फिटनेस के भी चर्चे हैं। आखिर क्या वजह है राहुल गांधी बिना थके इतने एनर्जेटिक नजर आ रहे हैं?(पढ़ें, पूरी खबर)
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.