राजस्थान बीजेपी के सभी सीनियर नेताओं ने अपने निवास पर परिवार के साथ ही दीपावली मनाई। चुनाव नजदीक हैं। इसलिए पॉलिटिकल मैसेज भी दिया। अपने निर्वाचन क्षेत्र की आमजनता के बीच रहकर नेताओं, कार्यकर्ताओं और लोगों से मुलाकात की। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने धौलपुर महल निवास पर रहकर दीपावली मनाई। वहीं पर पूजा-अर्चना का कार्यक्रम रखा।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गृहक्षेत्र जोधपुर में परिवार के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ घर पर खुशियों के दीपक जलाए। छत की डोलियों-मुंडेरों पर खुद अपने हाथ से एक-एक कर दीपक जोड़े। शेखावत ने ट्वीट किया- 'अंतरतम का नेह निचोड़ें, बुझी हुई बाती सुलगाएं। आओ फिर से दीया जलाएं।'
गजेंद्र सिंह शेखावत जोधपुर में पिछले दिनों हुई गैंस सिलेंडर फटने की दुर्घटना के पीड़ित परिवारों से मिलने भी पहुंचे। उन्होंने भोमाराम के परिवार के 7 सदस्यों की हादसे में मौत हो गई थी। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग दिया और उन्हें ढांढस बंधाया। जोशी परिवार को भी इस हादसे में शोक हुआ है। गजेंद्र सिंह ने जोशी परिवार से भी मुलाकात कर संवेदना जताईं।
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने गरीब बच्चों को कपड़े बांटे, निवास पर बधाई देने पहुंची सांसद दीया कुमारी
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने जन्मदिन पर दीपावली मिलन रखा। बड़ी तादाद में प्रदेशभर से लोग उनके निवास पर पहुंचे। पूनिया ने जयपुर में अलग-अलग मंदिरों में जाकर पूजा की। मोतीडूंगरी गणेश मंदिर, शिलादेवी आमेर, काले हनुमानजी, चांदी की टकसाल, गोविंददेवजी मंदिर, ताड़केश्वर मंदिर के बाद बीजेपी प्रदेश कार्यालय में दीपावली पूजन किया। बीजेपी कार्यलय में जरूरतमंद बच्चों को कपड़े बांटे। फिर अपने निवास पर कार्यकर्ताओं के साथ दीपावली मिलन प्रोग्राम रखा। इस दौरान प्रदेशभर से बड़ी संख्या में बीजेपी नेता,कार्यकर्ता, शुभचिन्तक उन्हें बधाई देने पहुंचे। इनमें सांसद दीया कुमारी और सुखबीर सिंह जौनापुरिया भी शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने पूनिया को गुलदस्ते दिए, मालाएं पहनाईं, मिठाईयां दीं। पूनिया ने भी सभी का मुंह मीठा करवाया। पूनिया ने बताया उन्होंने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में सुकन्या समृद्धि योजना में बच्चियों के 1 लाख खाते खुलवाने और रक्तदान का भी संकल्प ले रखा है।
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बीकानेर में BSF जवानों का मुंह मीठा कराया
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बीकानेर में BSF मुख्यलय कैम्पस में हुए दीपावली समारोह में जवानों के साथ दीपावली मनाई। सीमा सुरक्षा बल के जवानों का मुंह मीठा करवाकर दीपावली की बधाई दी। अर्जुनराम मेघवाल ने बीकानेर में अपने निवास पर पत्नी के साथ दीपावली की पूजा-अर्चना कर दीए जलाए। उन्होंने खुदके घर की मुंडेरों पर जलते हुए दीपक रखकर सजाए।
उपनेता प्रतिपक्ष राठौड़ ने चूरू में व्यापारियों-दुकानदारों से की रामा-श्यामा
उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने चूरू में दीपावली मनाई। उन्होंने परिवार के साथ मौजूद रहकर चूरू के मुख्य बाजार में व्यापारियों और दुकानदारों से रामा-श्यामा की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। पूनिया ने ट्वीट कर कहा- मां लक्ष्मी की असीम कृपा आप सभी पर रहे और मेरे प्रति आपका यह अटूट विश्वास, स्नेह और अपने अपनत्व भाव हमेशा बना रहे। चूरू आवास पर मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
नेता प्रतिपक्ष कटारिया ने उदयपुर में सफाईकर्मियों का किया सम्मान
नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया ने भी उदयपुर में अपने निवास पर दीपावली पूजन किया। इससे पहले उन्होंने दीपावली के अवसर पर शहर को स्वच्छ बनाने वाले सफाईकर्मियों का सम्मान किया।
लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला कोटा-बूंदी दौरे पर, कैम्प कार्यालय में दीपावली मिलन
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला अपने संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी के दौरे पर हैं। स्पीकर बिरला ने लोकसभा कैम्प ऑफिस कोटा में दीपावली पर रामा-श्याम का प्रोग्राम रखा। जिसमें शुभकामनाएं देने बड़ी तादाद में लोग पहुंचे। स्पीकर बिरला ने लोगों का मुंह मीठा करवाया। इस दौरान दीपावली की बधाई के दौर के साथ क्षेत्र की समस्याओं और विकास के कामों पर भी लोगों से चर्चा की।
राज्यपाल ने राजभवन जयपुर में मां लक्ष्मीजी की पूजा की
राज्यपाल कलराज मिश्र ने जयपुर स्थित राजभवन में ही अपने परिवार के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। मिश्र ने मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना की। कलराज मिश्र ने लक्ष्मीजी से सभी की समृद्धि-सम्पन्नता की कामना की। मां लक्ष्मी से प्रदेश को धन्य-धान्य से हमेशा पूर्ण रखने की प्रार्थना करते हुए सभी जगह खुशहाली की कामना की।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.