बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा है कि राजस्थान में तो हिन्दू होना ही एक पाप हो गया है, ऐसा माहौल बना दिया गया है। यहां दलित होना पाप हो गया है। यहां पर महिला और बच्चा होना पाप हो गया है। प्रशासन बिल्कुल भी सुरक्षा नहीं कर रहा है। दूसरी ओर यहां के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजनीतिक पर्यटन के लिए कभी गुजरात, कभी दिल्ली चले जाते हैं। अपनी कुर्सी को बचाने के लिए CM ने हर विधायक-मंत्री को खुली छूट दे रखी है कि प्रशासन और पुलिस में कौनसा अधिकारी चाहिए। राजस्थान में आजकल देश का कानून नहीं चल रहा, यहां कांग्रेस के विधायकों का पूरा कानून चल रहा है। तभी को अंधाधुंध खनन हो रहा, अंधाधुंध मारकाट मची हुई है। बहुत बुरे हाल राजस्थान में हो रहे हैं। कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं।
महिला टीचर की जलकर मौत छोटी-मोटी घटना, गांधी परिवार से सवाल पूछना बड़ी
जयपुर ग्रामीण सीट से लोकसभा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने अपने क्षेत्र के जमवारामगढ़ के रायसर की महिली टीचर की आग से हुई मौत के इश्यु पर कहा- गुजरात और दिल्ली के दौरे से सीएम गहलोत का बयान आता है कि ये तो छोटी मोटी घटाना है। ये तो हर राज्य के अंदर होती है। तो बड़ी घटना उनके लिए क्या है। गांधी परिवार पर सवाल पूछ लिया तो उनके लिए वो बड़ी घटना हो गई और वो दिल्ली पहुंच गए। राजस्थान में इस तरह का माहौल बनाया हुआ है,जो बहुत ही दुख की बात है। हम चाहते हैं कि राजस्थान के मुख्यमंत्री तुरंत पुलिस को इन अपराधियों और गुंडों को पकड़ने के लिए खुली छूट दें।
पति को लॉकअप में डाला, महिला टीचर को MLA के घर ले गई थी पुलिस
राज्यवर्धन ने कहा -जमवारामगढ़ रायसर की जिस महिला टीचर की आग लगाकर मौत हुई है, उसके पति को पुलिस ने लॉक अप में बंद किया था। उस महिला टीचर को गुंडों के साथ MLA के घर दबाव बनवाने के लिए ले जाया गया। इस पर जांच होनी चाहिए। लेकिन इस तरह का माहौल राजस्थान में बना हुआ है।
टीचर से छेड़छाड़ हो रही थी
राज्यवर्धन सिंह ने कहा-एक पढ़ी लिखी महिला टीचर को जिन्दा जला दिया गया। वो केवल अपने उधार दिए हुए पैसे मांग रही थी। वो भी कई महीनों से मामला चल रहा था। पुलिस में रिपोर्ट भी लिखा चुकी थी। उसके साथ छेड़छाड़ भी हो रही थी। उस दिन भी उसने पुलिस को फोन कर मदद मांगी। लेकिन एक बार फिर पुलिस किसी पीड़ित की मदद के लिए नहीं पहुंची। ये वही हालात हैं जैसे कन्हैयालाल के साथ हुआ। वो भी पुलिस को गुहार लगाता रहा कि मेरी सुरक्षा के लिए पुलिस चाहिए,वह नहीं पहुंची। चिरंजीलाल सैनी को अलवर में एक वर्ग विशेष ने मार दिया। वहां पर भी पुलिस ने केस को दबाने की कोशिश की। उसके बेटे को केवल एक हजार रुपए देकर बोला रफा दफा हो जा। प्रदेश में आए दिन हत्याएं हो रही हैं। साधु ने भरतपुर में आत्मदाह किया, क्योंकि पुलिस प्रशासन सुन नहीं रहा था। हनुमानगढ़ में रात को एक साधु की हत्या कर दी गई। जालौर में घटना हुई। अलवर के अंदर मंदिर को तोड़ने, राम दरबार को गिराने की घटना सामने है।
घटना के बाद भाजपाइयों और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रायसर में विरोध प्रदर्शन कर धरना दिया। जयपुर ग्रामीण सांसद कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने रायसर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग सरकार से की है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.