मंत्री महेश जोशी छोड़ेंगे एक पद:बोले- पार्टी चाहे तो दोनों पद वापस ले ले, हाईकमान तय करेगा भूमिका

जयपुर7 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
कांग्रेस विधायक दल की बगावत के बाद महेश जोशी के ऊपर कई आरोप लगाते हुए हाईकमान ने नोटिस दिया था। जब मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष बने ताे महेश जोशी उन्हें बधाई देने भी पहुंचे थे। ये फोटो उसी वक्त की है। - Dainik Bhaskar
कांग्रेस विधायक दल की बगावत के बाद महेश जोशी के ऊपर कई आरोप लगाते हुए हाईकमान ने नोटिस दिया था। जब मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष बने ताे महेश जोशी उन्हें बधाई देने भी पहुंचे थे। ये फोटो उसी वक्त की है।

जलदाय मंत्री और सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी ने इन दोनों में से एक पद छोड़ने के संकेत दिए हैं। महेश जोशी ने कहा- मैं कभी भी किसी पद के लिए लालायित रहा ही नहीं। मेरी तरफ से पार्टी एक पद वापस ले या दोनों पद वापस ले ले। यह पार्टी को तय करना है। मुख्य सचेतक के पद पर किसी प्रकार का अतिरिक्त लाभ नहीं मिलता बल्कि दोहरी जिम्मेदारी उठानी होती है। महेश जोशी सोमवार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

महेश जोशी ने कहा- सरकारी मुख्य सचेतक का पद दोहरी जिम्मेदारी वाला है। विधानसभा का सत्र चलता है तो फ्लोर मैनेजमेंट के चलते हम बाहर भी नहीं जा सकते हैं। मैं तो खुद यह चाहता हूं कि कांग्रेस जब जिसको उचित समझे, उसे यह पद दे दे। इससे यह लाभ जरूर होगा कि एक कांग्रेस कार्यकर्ता को और स्थान मिलेगा।

मैं एडवाइजरी का उल्लंघन नहीं करुंगा
रामनिवास गावड़िया के धर्मेंद्र राठौड़ को चापलूस बताने वाले बयान के सवाल पर महेश जोशी ने कहा- आप यह चाहते हैं कि मैं एडवाइजरी का उल्लंघन करूं। मैं एडवाइजरी का उल्लंघन नहीं करुंगा। महेश जोशी ने यह बयान देकर इस विवाद से किनारा करने का प्रयास किया है।

विधायक दल की बैठक के बहिष्कार मामले में नोटिस के बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नेताओं के खिलाफ बयानबाजी पर रोक लगा दी थी।

महेश जोशी को मिला था नोटिस, अब एक्शन का इंतजार
महेश जोशी को विधायक दल की बैठक के बहिष्कार के मामले में शांति धारीवाल और धर्मेंद्र सिंह राठौड़ को कांग्रेस हाईकमान ने नोटिस दिए थे। अब एक्शन का इंतजार है। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट में महेश जोशी पर कांग्रेस विधायक दल की पैरलल बैठक बुलाने के लिए विधायकों को फोन करके कंफ्यूज करने के आरोप लगाए थे। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार ही तीनों नेताओं को नोटिस जारी किए गए थे।

कांग्रेस में एक व्यक्ति एक पद लागू होगा
कांग्रेस के उदयपुर चिंतन शिविर में हुए फैसले के मुताबिक एक व्यक्ति-एक पद का फार्मूला लागू किया जाना है। नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी उदयपुर डिक्लेरेशन के सभी फैसले लागू करने की घोषणा कर रखी है। महेश जोशी के पास जलदाय मंत्री के साथ सरकारी मुख्य सचेतक के पद की जिम्मेदारी भी है, ऐसे में आने वाले दिनों में उनका एक पद जाना तय माना जा रहा है। विधायक दल की बैठक के बहिष्कार मामले में कांग्रेस हाईकमान का एक्शन पैंडिंग है। अगर एक्शन होता है तो महेश जोशी से पद वापस लिया जा सकता है।

ये भी पढ़ें

गहलोत बोले- मोरबी में 190 लाशें मिल चुकीं: ये आपदा नहीं लापरवाही का नमूना, रेवेन्यु कमाने के चक्कर में बिना सर्टिफिकेट खोला पुल

राजस्थान के CM और गुजरात चुनाव में कांग्रेस के सीनियर ऑब्जर्वर अशोक गहलोत वहां कांग्रेस के प्रभारी रघु शर्मा के साथ गुजरात के मोरबी पहुंचे। इससे पहले अहमदाबाद एयरपोर्ट पर मीडिया से रूबरू होकर गहलोत ने कहा अभी-अभी खबर मिली है मोरबी में 190 लाशें मिल चुकी हैं। (पूरी खबर पढ़ें)