प्रमोद कृष्णम बोले- कुर्सी छोड़ें बूढ़े नेता:कहा- पायलट को CM होना चाहिए, राहुल गांधी के हाथ मजबूत करें गहलोत

जयपुरएक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कांग्रेस नेता व प्रियंका गांधी के नजदीकी आचार्य प्रमोद कृष्णम ने एक बार फिर सचिन पायलट को सीएम बनाने की पैरवी की है। उन्होंने कहा- 'राजस्थान की जनता यह मानती है कि 2018 में सचिन पायलट को CM होना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व और बड़े नेताओं ने आपसी सलाह से फैसला लिया कि परिवार के सीनियर अशोक गहलोत जी को मुखिया बनाया जाएगा। अब वक्त आ गया है, जब बुजुर्ग नेताओं को नौजवानों को सत्ता देनी चाहिए। राजनीति में उथल-पुथल स्वाभाविक है।'

प्रमोद कृष्णम ने कहा- 'यह सृष्टि का नियम है, जिसको हम कहते हैं कि परिवर्तन संसार का नियम है। एक साइकलिंग है। युवाओं को सत्ता देना, युवाओं को नेतृत्व देना यह तो हमेशा कांग्रेस की की आइडियोलॉजी में शामिल रहा है। खुद अशोक गहलोत ने कहा था कि युवाओं को मौका मिलना चाहिए।'

गहलोत जी को राष्ट्रीय स्तर पर आना चाहिए
उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस की बहुत सेवाएं की हैं। वे बहुत वरिष्ठ नेता हैं। मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। पूरे देश में उनका सम्मान है। अब उन्हें राष्ट्रीय भूमिका निभानी चाहिए। हमारी जो फाइट है 2024 की वो पूरे देश को बचाने की है। 2024 की इस लड़ाई में गहलोत जी को राष्ट्रीय स्तर पर आना चाहिए। पूरे देश को मोबलाइज करना चाहिए। पूरे देश को मोबेलाइज करने के लिए राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने चाहिए।

कांग्रेस तब मजबूत होगी जब सचिन पायलट जैसे युवा का सम्मान होगा

प्रमोद कृष्णम ने कहा- सचिन पायलट बहुत संयमित व्यक्ति हैं। उन्हें कोई गाली भी देता है तो आशीर्वाद समझकर स्वीकार करते हैं। पायलट बहुत होनहार व्यक्ति हैं, उनका भविष्य उज्जवल है। जहां तक गुटों की बात है, समर्थकों की बात है तो कांग्रेस का नेतृत्व जो फैसला लेगा उसके बाद पार्टी का एक-एक विधायक एक-एक कार्यकर्ता उस फैसले का सम्मान करेगा। कांग्रेस का मजबूत होना बड़ा जरूरी है , वरना देश खतरे में है। कांग्रेस कैसे मजबूत हो। कांग्रेस तब मजबूत होगी जब हम युवाओं को आगे लाएंगे। कांग्रेस तब मजबूत होगी जब सचिन पायलट जैसे युवा का सम्मान होगा।

खबरें और भी हैं...