- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Shocking Murder Suicide Case | Mother Daughter Death Note Investigation
ग्राउंड रिपोर्ट‘मां-बहन एक-दूसरे को पागल कहती थीं, दोनों का मर्डर’:हत्यारे बेटे का सुसाइड नोट, अब भी सवाल-कैसे की हत्या?
- कॉपी लिंक

जयपुर के भट्टा बस्ती थाना इलाके में मां-बहन के झगड़े से परेशान युवक ने दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। मृतकों की पहचान सरोज देवी (50), उनकी बेटी शिवांगी (25) और बेटे लक्की (27) के रूप में हुई।
पुलिस की जांच में सामने आा कि मां और बहन की हत्या के बाद लक्की ने मोबाइल में सुसाइड नोट टाइप किया, जिसमें लिखा- मैं मानसिक रूप से बीमार हूं। मेरी मां और बहन दोनों काफी बीमार हैं। ये दोनों अक्सर एक दूसरे को पागल-पागल बोल कर झगड़ा करती हैं। आज भी यही हुआ। मैं अपना ऑन लाइन का काम कर रहा था। इसी दौरान आगे वाले रूम में मां और बहन के बीच झगड़ा शुरू हो गया। मैंने बीच बचाव किया लेकिन मेरी बहन लगातार मेरी मां को मार रही थी। इस पर मैंने अपनी बहन की हत्या कर दी और फिर मां को भी मार डाला।
पुलिस ने बताया- मौके पर पहुंचे तो दीवार पर एक नोट मिला। जिसमें लिखा था कि मेरा सुसाइड नोट मोबाइल पर है। पर्ची में मोबाइल का पिन नंबर भी लिखा था। मोबाइल में सुसाइड देखने के बाद पुष्टि हो गई कि लक्की ने ही अपनी बहन और मां की हत्या की है।

घर नहीं बनाते थे खाना, ऑनलाइन आती थी चाय भी
स्थानीय निवासी मुकेश सैनी ने बताया- मां-बेटी और बेटा बहुत कम घर से बाहर निकलते थे। दोपहर और रात का खाना बाहर से आता था। यहां तक कि चाय भी ऑनलाइन मंगवाकर पीते थे। पुलिस ने जांच की तो घर के अधिकांश बर्तनों पर धूल जमी हुई मिली। घर में राशन भी नहीं था। कुछ दवाइयां मिली, जो मानसिक बीमारी से संबंधित बताई जा रही हैं।
लक्की का कोई दोस्त नहीं, खुद को बीमार नहीं मानता था
लक्की के पड़ोस में रहने वाले रोहित ने बताया कि लक्की काफी होशियार था। 8वीं पास भी नहीं था, लेकिन ऑनलाइन काम में दिमाग तेज चलता था। उसे गुस्सा बहुत आता था। अगर उसे कोई बात पसंद नहीं आती तो आक्रामक होकर विरोध करता। वह मानता था कि दिमागी रूप से बीमारी है, लेकिन यह भी कहता था कि वह अपनी मां ओर बहन से कम बीमार है। कोई उसे पागल या और कुछ बोलता तो झगड़ा करने लगता। कॉलोनी में पूरा परिवार किसी से भी बात नहीं किया करता था।

सरोज गुरुवार शाम से नहीं उठा रही थी फोन
सरोज का ससुराल गुरुग्राम में है। सरोज के पिता रोज उससे मोबाइल पर बात करते थे। सुबह सरोज ने फोन नहीं उठाया तो उसके पिता ने सरोज के पड़ोस में रहने वाले सीपी गुर्जर को फोन किया और उनके घर जाकर देखने को कहा। सीपी गुर्जर ने पत्नी को भेजा। उन्होंने कई बार खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, खिड़की खोलकर देखा तो शिवांगी खून से लथपथ बेड पर पड़ी थी। सीपी गुर्जर की पत्नी भागते हुए अपने घर गईं और पति को बताया। सीपी गुर्जर ने सरोज के पिता को घटना के बारे में बताया। पिता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पड़ोसी चंद्रप्रकाश गुर्जर ने बताया कि सरोज के पिता जब भी आते तो कॉलोनी की हर घर-दुकान में जाकर बैठते और बातें करते। परिवार के बारे में पूछते। कॉलोनी के लोगों से सरोज का ध्यान रखने उसे समय-समय पर बात करने के लिए बोला करते थे।

25 साल पहले सरोज के पति ने किया था सुसाइड
पुलिस जांच में सामने आया है कि करीब 25 साल पहले इसी मकान में सरोज के पति ने भी सुसाइड कर लिया था। इसके बाद से सरोज दिमागी रूप से परेशान रहने लगी। फिर बेटी शिवांगी की भी तबीयत बिगड़ गई। शिवांगी कुछ दिन नाना के पास गुरुग्राम रही, फिर लौट आई। यहां आकर शिवांगी ने कुछ दिन एक कंपनी में नौकरी भी की।
पोस्टमार्टम से पता चलेगा- कैसे की हत्या?
सुसाइड नोट और मौका देखने पर भी पुलिस को पता नहीं चल रहा है कि हत्या कैसे हुई। तीनों शव कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद पता चल सकेगा की मां और बेटी की हत्या कैसे हुई।






















