राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र का ट्विटर अकाउंट रविवार सुबह हैक कर लिया गया। सुबह 11.28 बजे राज्यपाल के ट्विटर हैंडल से अरबी भाषा में ट्वीट किया गया। साथ में एक इमोटिकॉन भी पोस्ट किया गया है, जिसमें किस ऑफ लव साइन दिखाई दे रहा है। इधर, अकाउंट हैक होने के बाद देर शाम तक रिकवर नहीं हुआ। ट्विटर इंडिया को लिखा भी गया है। बताया जा रहा है अकाउंट हैक करने वाले इंटरनेशनल हैकर है।
जयपुर के मुफ्ती खालिद अयूब मिसबाही से दैनिक भास्कर ने ट्वीट की हिंदी में जानकारी जुटाई। उन्होंने बताया कि अरबी में किए गए ट्वीट का मतलब है- ‘गुड मार्निंग, आपके चाचा स्पूकी और हायब्रिड आपको दुआ देते हैं।’
राज्य के प्रथम नागरिक राज्यपाल का ट्विटर अकाउंट हैक होते ही साइबर पुलिस और जयपुर पुलिस कमिश्नरेट हरकत में आ गए हैं। राजभवन से भी इसकी शिकायत की गई है। साइबर एक्सपर्ट्स राज्यपाल के ट्विटर अकाउंट को हैकर से वापस रिकवर करने की कोशिश में जुटे हैं। साथ ही अकाउंट किसने हैक किया और कहां से हैक हुआ, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। साइबर एक्सपर्ट्स की टीम राज्यपाल के अकाउंट के सिक्योरिटी फीचर्स को भी चेक कर रही है कि कैसे अकाउंट हैक हो गया?
NDRF का भी ट्विटर हैंडल हैक
नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) का आधिकारिक ट्विटर हैंडल शनिवार देर रात हैक कर लिया गया। NDRF के एक सीनियर ऑफिसर ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टेक्निकल एक्सपर्ट मामले की जांच कर रहे हैं और जल्द ही हैंडल को बहाल कर दिया जाएगा।
पिछले महीने PM मोदी का ट्विटर अकाउंट हुआ था हैक
इससे पहले 12 दिसंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्विटर अकाउंट को भी हैक कर लिया गया था। मामला ट्विटर तक पहंचने पर अकाउंट को तुरंत सुरक्षित किया गया। हैकर्स ने PM मोदी के ट्विटर अकाउंट को निशाना बनाते हुए तीन मिनट के भीतर दो ट्वीट किए थे। यह ट्वीट देर रात करीब 2.11 बजे से 2.15 के बीच हुए। हैक कर किए गए ट्वीट में बिटकॉइन को कानूनी मान्यता दिए जाने की बात कही गई थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.