फरवरी में जयपुर से दौड़ेगी 'वंदे भारत' ट्रेन:राजस्थान में 15 वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनेंगे, 7 हजार गांव जुड़ेंगे 5G से

जयपुर5 महीने पहले

राजस्थान का हर गांव और कस्बा 5जी की कनेक्टिविटी से जुड़ जाएगा। इसके लिए गांवों में जल्द ही टावर लगाने का काम शुरू होने वाला है। केंद्र सरकार की ओर से इसकी तैयारी कर ली गई है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस बात के संकेत दिए हैं।

दरअसल, राज्य के नाथद्वारा से आकाश अंबानी ने जियो के 5जी की शुरुआत कर दी है। हालांकि अभी ये सर्विस नाथद्वारा के मंदिर परिसर और आस-पास के 1 किलोमीटर एरिया तक ही रहेगी। आने वाले एक साल में पूरे प्रदेश में 5जी का नेटवर्क फैल जाएगा।

इधर, शनिवार को जयपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि आने वाले एक साल में ट्रेन, रेलवे स्टेशन और 5G को लेकर तीन बड़ी सौगात राजस्थान को मिलने वाली है। इन तीनों प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू हो चुका है।

उन्होंने बताया कि टेलीकॉम सेक्टर में राजस्थान के 7100 गांवों के लिए 5500 नए टावर स्वीकृत हुए हैं। इनकी कीमत करीब 6900 करोड़ रुपए है। बहुत जल्द राजस्थान में सीमलेस कनेक्टिविटी होगी। अगले साल दीपावली तक राजस्थान के हर कस्बे तक 5G की सुविधा पहुंच जाएगी। टावर में इक्विपमेंट 4G, 5G होते हैं। इसके लिए सबसे पहले जहां 4G टावर लगे हैं उन्हें अपग्रेड पर 5G में कन्वर्ट करने का काम शुरू कर दिया है।

ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि साल के शुरुआत में प्रदेश के बड़े शहरों में 5G सेवा मिलना शुरू हो जाएगी।

BJP प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते केंद्रीय रेलवे, कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्री अश्विनी वैष्णव।
BJP प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते केंद्रीय रेलवे, कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्री अश्विनी वैष्णव।

राजस्थान में रेलवे से जुड़े दो प्रोजेक्ट पर काम शुरू

पहला: फरवरी-मार्च तक जयपुर में चलने लगेगी 'वंदे भारत' ट्रेन
वैष्णव ने कहा- वंदे भारत ट्रेन का सभी इंतजार कर रहे हैं। जो वर्ल्ड क्लास ट्रेन है। फरवरी-मार्च 2023 तक जयपुर में भी वंदे भारत ट्रेन चलने लगेगी। उस गाड़ी में बैठेंगे, तो बिना झटके और आवाज के सफर होगा। वंदे भारत पूरी तरह हिन्दुस्तान में डेवलप ट्रेन है। वह आत्मनिर्भर भारत की बहुत बड़ी मिसाल है। तेजी से उसका प्रोडक्शन हो रहा है। जयपुर में रेलवे लाइन के ऊपर ओवर हेड बिजली के तार ऊंचे है। इसलिए उस ट्रेन के लिए मॉडिफिकेशन किया जा रहा है।

दूसरा: 15 स्टेशन होंगे अपग्रेड
वैष्णव ने बताया कि राजस्थान में दो फेज में 15 रेलवे स्टेशन का अपग्रेडेशन किया जाएगा। वर्ल्ड क्लास बनाए जाएंगे। पहले फेज में 8 स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास बनाने का टेंडर हो गया है। उसके बाद 7 और स्टेशनों का मास्टर प्लान तैयार हो रहा है। अब तक कुल 11 स्टेशन सिलेक्ट हो चुके हैं। इनमें कोटा, जयपुर का गांधी नगर स्टेशन, जयपुर स्टेशन, उदयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर, अजमेर, आबूरोड, पाली-मारवाड़ जंक्शन वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन बनेंगे।

जयपुर जंक्शन पर आयोजित हुए कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मैं PM का आभार जताने जयपुर आया हूं।
जयपुर जंक्शन पर आयोजित हुए कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मैं PM का आभार जताने जयपुर आया हूं।

PM ने देश में 50 जगह 75 हजार युवाओं को अपॉइंटमेंट लेटर दिए
इससे पहले शनिवार को PM नरेंद्र मोदी ने देश में 50 जगहों पर 75226 नौजवानों को अपॉइंटमेंट लेटर दिए हैं। इनमें जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन भी शामिल रहा। जहां अपॉइंटमेंट लेटर सौंपने और पीएम मोदी के वर्चुअल कार्यक्रम में जुड़ने खुद रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव जयपुर पहुंचे। उन्होंने कहा युवाओं को धनतेरस के मौके पर इतना बड़ा तोहफा मोदी ने दिया है। PM का आभार प्रकट करने के लिए मैं जयपुर आया हूं।

वैष्णव ने कहा- 10 साल पहले तक राजस्थान में रेलवे के लिए 750 करोड़ रुपए अलॉट होते थे। इतने बड़े प्रदेश के लिए 750 करोड़ से क्या होता है? बहुत बड़ा प्रदेश है। इसलिए ज्यादातर प्रोजेक्ट अटके रहते थे। सालों तक काम नहीं हो पाता था। पीएम मोदी ने आते ही इसे दोगुना, फिर तीन गुना किया।

इस साल रिकॉर्ड राजस्थान के लिए 7 हजार 565 करोड़ रुपए का अलॉटमेंट किया है। उन्होंने बताया कि इस साल 12 किलोमीटर नए रेलवे ट्रैक बिछ रहे हैं। कई समाज सेवा के काम साथियों, सांसदों, जनप्रतिनिधियों ने बताए हैं। कई जगह फ्लाईओवर, गेट, अंडरपास, ट्रेनों के ठहराव के काम की मांग उठाई है। जल्द उनका समाधान भी करेंगे।

वो बातें ही कर रहे और हम काम
राजस्थान के CM अशोक गहलोत के केन्द्र की मोदी सरकार पर युवाओं को वादे के मुताबिक रोजगार नहीं देने के आरोपों पर अश्विनी वैष्णव बोले- वो बातें ही कर रहे हैं, हम काम करने वाले लोग हैं, काम कर रहे हैं। अगर 8 साल का आंकड़ा उठाकर देखें तो भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग- मोबाइल, लैपटॉप, कंप्यूटर की मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिकली ज़ीरो थी,कोई रोजगार नहीं था।

आज इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग 6 लाख करोड़ का बिजनेस है। इसमें 25 लाख लोगों को रोजगार मिल रहा है। जिस तेजी से इस सेक्टर को बढ़ावा मिल रहा है। अगले 4 सालों में यह बढ़कर 25 लाख से 1 करोड़ होगा। IT सेक्टर में 8 साल पहले कुल मिलाकर 32 लाख के आसपास रोजगार था, आज 55 लाख रोजगार है।

वैष्णव ने महंगाई के मुद्दे पर कहा- मैं किसी देश का नाम नहीं लूंगा। दुनिया की सबसे बड़ी इकोनॉमी वाले देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम कम से कम दोगुने ज्यादा हुए हैं। मोदी ने देश के लोगों पर बिल्कुल भी बोझ नहीं बढ़ने दिया। फर्टिलाइजर पर 1 लाख 22 हजार करोड़ की सब्सिडी दी है।

दिव्यांगों को स्कूटी सौंपते केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव और BJP प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया।
दिव्यांगों को स्कूटी सौंपते केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव और BJP प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया।

23 दिव्यांगों को दी स्कूटी
केंद्रीय रेल मंत्री वैष्णव शनिवार को प्रदेश BJP मुख्यालय पहुंचे। जहां BJP प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने अपने जन्मदिन पर वैष्णव के साथ 23 दिव्यांगों को स्कूटी बांटी। वैष्णव ने कहा-पीएम मोदी ने राजनीति को सेवा, गरीब कल्याण और सुशासन के रूप में बनाया है। उसी प्रेरणा से दिव्यांग भाई-बहनों को स्कूटी देकर उन्हें सहायता दी है। बेटियों के एक लाख खाते सुकन्या समृद्धि स्कीम के तहत खोलने गए हैं।

ये भी पढ़ें...

राजस्थान में अब इंटरनेट हाईस्पीड:अंबानी बोले- देश के कोने-कोने में जल्द पहुंचेगी 5G सेवा, नाथद्वारा से शुरुआत

180 की स्पीड, गिलास से पानी की बूंद नहीं गिरी:जयपुर से चार शहर के बीच दौड़ेगी वंदे भारत, 5 घंटे का सफर 3 घंटे में

खबरें और भी हैं...