माउंट आबू में पिछले दो दिन से पारा माइनस में है। सोमवार को न्यूनतम तापमान माइनस 4 था, वहीं मंगलवार को न्यूनतम तापमान माइनस 3 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री का उछाल आया है। ठंड के तीखे तेवर से जनजीवन प्रभावित हुआ है। अधिकतम तापमान में भी 1 डिग्री का उछाल आने से तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वादियों में कोहरा छाने के साथ ही ओस की बूंदे जमकर बर्फ में बदल गई।
खुले मैदान, वाहनों की छत्तों पर बर्फ, फूल पत्ती, घास, सोलर लाइट सभी जगह पर बर्फ की परत दिखाई दी। सर्द हवाओं के चलते लोग देरी से अपने घरों से निकले और गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। उत्तरी भारत में हो रहे भारी हिमपात के असर से माउंट आबू की वादियों में ठंड बरकरार है। रविवार को तापमान में आई भारी गिरावट से ही सर्दी के तेवर तीखे हो गए। निरंतर शीत लहर के चलने से लोगों को परेशानी का सामान करना पड़ रहा है। दोपहर में भी चुभने वाली ठंड से धूप का असर कम पड़ रहा है। सुबह अलग-अलग जगहों पर लोग अलाव तापते नजर आए।
मौसम विभाग जयपुर राधेश्याम ने बताया कि माउंट आबू में अभी 5 दिन इसी तरह की ठंड बरकरार रहने की पूरी संभावना है। उत्तरी इलाकों से बर्फीली हवाओं से सर्दी बढ़ेगी। 4 से 5 दिन तापमान 0 और इससे नीचे रहने की पूरी संभावना है। सर्द हवाएं निरंतर जारी रहेगी। फरवरी के पहले सप्ताह के बाद में तापमान और ठंड में सुधार आएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.