पूनिया बोले, पाली से भाजपा को बहुत प्यार मिला:चुनाव में कांग्रेस को सत्ता से बाहर करेगी बीजेपी, जनाक्रोश रैली को किया रवाना

पाली4 महीने पहले
पाली के अम्बेडकर सर्किल पर शुक्रवार दोपहर को भाजपा के जनाक्रोश रैली के रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पूनिया व अन्य।

भाजपा के गढ़ पाली से शुक्रवार दोपहर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने जनाक्रोश रैली रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि पाली से भाजपा को बहुत प्यार मिला है। इसलिए पाली को जनाक्रोश रैली के शुभारम्भ के लिए चुना। जनता इस बार प्रदेश की कांग्रेस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेकेंगी। आगामी चुनाव में बिजली, पानी और सड़क की समस्या कांग्रेस को गहरी खाई में धकेलने का काम करेगी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पूनिया दोपहर तीन बजे पाली पहुंचे जो उनके निर्धारित समय से करीब चार घंटे लेट था। इसको लेकर उन्होंने मंच से माफी भी मांगी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात रहे।

पाली के अम्बेडकर सर्किल के निकट सभा को संबोधित करते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया।
पाली के अम्बेडकर सर्किल के निकट सभा को संबोधित करते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया।

SC/ST वोटर्स को साधने की कोशिश
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने अम्बेडकर सर्किल पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने बाबा साहेब का जिक्र किया। जिससे कि आगामी चुनाव में SC/ST को वोटर्स को साधा जा सकें। पूनिया ने कहा कि जनाक्रोश रैली के दौरान प्रदेश भर से लोगों से भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर मिलेंगे। उनकी शिकायतों को नोट करेंगे और आगामी चुनाव में उनका भाजपा अपने घोषणा-पत्र में शामिल कर सकती है। संसद, विधानसभा में बहस का मुद्दा बना सकती है। छोटी शिकायतों का समाधान का प्रयास करेंगे।

केंद्र से वैक्सीन लेकर मुख्यमंत्री ने खुद का फोटो लगवाया
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने वैक्सीन कांग्रेस की प्रदेश सरकार को भेजी। राजस्थान के कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री ने उस पर खुद का फोटो चस्पा करवा वाहवाही लूटी। केन्द्र से ली गई वैक्सीन पर प्रधानमंत्री का फोटो तक नहीं लगाया।

पाली के अम्बेडकर सर्किल के निकट आयोजित सभा में मौजूद भाजपा पदाधिकारी और शहरवासी।
पाली के अम्बेडकर सर्किल के निकट आयोजित सभा में मौजूद भाजपा पदाधिकारी और शहरवासी।

कांग्रेस के राज में प्रदेश अपराध, बेरोजगारी में नंबर वन
पूनिया ने कहा कि कांग्रेस के राज में राजस्थान देश में अपराध, बेरोजगारी में नंबर वन बन गया। लोग लाइव वीडियो जारी कर आत्महत्या कर रहे है और मुख्यमंत्री को अपनी मौत का जिम्मेदार तक बता चुके है। पेट्रोल के दाम राजस्थान में अन्य प्रदेशों से 8-10 रुपए ज्यादा है। प्रतियोगिता परीक्षा के पेपर लिक होने से युवाओं के सरकारी नौकरी के सपने पूरे नहीं हो रहे। उन्होंने कहा कि सरकार कमजोर है। इसलिए पेपर लीक हो रहे है।

अम्बेडकर सर्किल पर कार्यक्रम को जब भाजपा प्रदेशध्यक्ष पूनिया संबोधित कर रहे थे। इस दौरान आदर्श नगर निवासी एक वृद्ध मंच के पास पहुंचा और उनसे रास्ता खुलवाने की अपील करते हुए।
अम्बेडकर सर्किल पर कार्यक्रम को जब भाजपा प्रदेशध्यक्ष पूनिया संबोधित कर रहे थे। इस दौरान आदर्श नगर निवासी एक वृद्ध मंच के पास पहुंचा और उनसे रास्ता खुलवाने की अपील करते हुए।

पूनिया से की रास्ता खुलवाने की अपील
भाजपा प्रदेशध्यक्ष के संबोधन के दौरान आदर्श नगर निवासी एक वृद्ध कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा और उन्होंने अपील की कि जल्द रास्ता खुलवाया जाए। उन्हें आने-जाने में दिक्कत हो रही है। इस पर पूनिया ने कहा कि आपकी समस्या के जिम्मेदार हम है। जल्द रास्ता खुलवाते है।

भाजपा पदाधिकारी का पर्स चोरी
सभा के दौरान भाजपा के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश समन्यक निखिल व्यास का पर्स चोरी हो गया। जिसमें रुपयों के साथ एटीएम कार्ड व अन्य दस्तावेज थे। वे इधर-उधर पर्स ढूंढते नजर आए लेकिन मिला नहीं।

प्रदेशध्यक्ष के स्वागत को उमड़े भाजपाई

भाजपा जिलाध्यक्ष मंशाराम परमार, जिला प्रभारी रविन्द्रसिंह बालावत, सांसद पीपी चौधरी, विधायक ज्ञानचंद पारख, बाली विधायक पुष्पेन्द्रसिंह राणावत, सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत, सोजत विधायक शोभा चौहान, जैतारण विधायक अविनाश गहलोत, पूर्व विधायक केसाराम चौधरी, खीमाराम ढारिया, जिला महामंत्री सुनील भंडारी, मोहन जाट, घीसूलाल मेघवाल, पंकज त्रिवेदी, रामकिशोर साबू, तिलोक चौधरी, निखिल व्यास, सुरेश चौधरी, महावीरसिंह टेवाली,महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मनोहर कंवर, मेहंत चौधरी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिग्विज्य सिंह, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा, भंवर चौधरी, किशन सोनी, कन्हैयालाल ओझा सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पूनिया का स्वागत किया।

कांग्रेस नेताओं ने बताया फ्लॉप शो
सेवा और संकल्प महासमिति अध्यक्ष जब्बरसिंह राजपुरोहित, ​​​​​​कांग्रेस नेता महावीरसिंह सुकरलाई, शिशुपालसिंह राजपुरोहित ने भाजपा के जनाक्रोश रैली रथ को फ्लॉप शो और नौटंकी करार दिया। उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे है। महंगाई चरम पर है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहे। ऐसे में केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ आमजन में रोष है।