पाली के सोजत में रविवार को कांग्रेस-बीजेपी नेता आमने-सामने हो गए। दरअसल, चांदपोल गेट गणेश पार्क में 101 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज लगाया जा रहा था। इस दौरान कार्यक्रम में नहीं बुलाने से नाराज पार्षद व कांग्रेस की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ऐश्वर्या सांखला राष्ट्रीय ध्वज पकड़कर खड़ी हो गई। दूसरे पक्ष के लोग ध्वज लगाने पर अड़ गए। सांखला ने नगरपालिका चेयरमैन पर धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया। सोजत चेयरमैन मंजू जुगल किशोर निकुम ने भी उन पर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान का आरोप लगाया।
मामले की जानकारी पर सीओ सोजत मृत्युंजय मिश्रा, थानाप्रभारी सहदेव चौधरी भी मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों से समझाइश की। इस गरमा-गरमी में बीच आखिरकार सोजत MLA शोभा चौहान ने तिरंगा फहराया दिया। इससे कांग्रेस के लोग विरोध करते रह गए।
कांग्रेस का आरोप, भाजपा ने जबरदस्ती फहराया तिरंगा
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं पार्षद ऐश्वर्या सांखला ने आरोप लगाया कि वार्ड संख्या 33 में 101 फीट ऊंचा तिरंगा झंड़ा उनके प्रयासों से लगा। नगर पालिका की ओर से इस तरह का कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। विधायक शोभा चौहान और चेयरमैन मंजू जुगल किशोर निकुम और कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजुदगी में अपने स्तर पर ही तिरंगा फहराने पहुंचे। उन्हें और कांग्रेस पार्षदों को बुलाया तक नहीं इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने विरोध किया। तिरंगे पर सभी का बराबर हक है यह सिर्फ भाजपा का नहीं है। उनका आरोप है कि कार्यक्रम में शहर के गणमान्य लोगों भी आमंत्रित नहीं किया गया। उनके पीए से भी जुगल किशोर निकुम ने बदतमीजी की। इन्होंने इसको लेकर उन्होंने जिला कलेक्टर से शिकायत की।
चेयरमैन बोलीं, सांखला ने राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया
चेयरमैन मंजू जुगल किशोर निकुम का कहना है कि हमने विधिवत रूप से कार्यक्रम किया। इसकी सूचना 18 नवंबर को ईओ ऑफिस में भेज दी थी। यह झंडा नगरपालिका की निजी आय से लगाया गया हैं। पार्षदों का जो ग्रुप बना हुआ है। उसमें भी हमने कार्यक्रम की जानकारी शेयर की थी। कांग्रेस की पार्षद और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ऐश्वर्या सांखला ने भी मैसेज देखा और इसको लेकर रिप्लाई भी किया था। कार्यक्रम को लेकर सभी को पर्सनल जानकारी नहीं दी गई थी। तिरंगा फहराने के दौरान वे राष्ट्रीय ध्वज को पकड़कर खड़ी हो गई। राष्ट्रीय ध्वज को नुकसान पहुंच सकता था। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने जैसा काम किया।
नगर पालिका ने कोई कार्यक्रम नहीं रखा
मामले के बीच नगर पालिका सोजत के अधिशाषी अधिकारी ने एक लेटर जारी किया। उन्होंने साफ लिखा कि चांदपोल गेट गणेश पार्क में 101 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के अनावरण का कार्यक्रम नगर पालिका की और से नहीं रखा गया।
(इनपुट: धन्नाराम परिहार, सोजत)
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.