पाली में ट्रेलर की टक्कर से युवक की मौत:भाई-बहन बोले, प्लीज डॉक्टर हमारे भाई को ठीक कर दो

पाली6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में मृतक लोकेन्द्र के परिजन विलाप करते हुए और सांत्वना देते परिचित।

पाली के रामासिया के निकट राजपुरोहित होटल के सामने मंगलवार शाम को ट्रेलर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। घायल का बांगड़ हॉस्पिटल में उपचार जारी है।

घटना के बाद मौके पर जाम लग गया। हॉस्पिटल में युवक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। उनका आरोप है कि हादसे के करीब एक घंटे बाद 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। अगर टाइम पर पहुंची तो शायद लोकेन्द्र की मौत नहीं होती।

हादसे की जानकारी मिलने पर बांगड़ हॉस्पिटल में मृतक की कम्पनी के लोग व परिजन बड़ी संख्या में पहुंचे।
हादसे की जानकारी मिलने पर बांगड़ हॉस्पिटल में मृतक की कम्पनी के लोग व परिजन बड़ी संख्या में पहुंचे।

सदर थाने के ASI लक्ष्मण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि हादसे में बाइक सवार जेतपुर (गुड़ा एंदला) निवासी 23 साल के लोकेन्द्र सिंह पुत्र भंवरसिंह राजपूत की मौत हो गई और जेतपुर निवासी 22 साल के अजयपाल सिंह पुत्र तखत सिंह राजपूत घायल हो गया। उन्होंने बताया कि हादसा रामसिया गांव से कुछ आगे हाइवे पर राजपुरोहित होटल के निकट हुआ। बाइक सवार युवक अपनी साइड में चल रहे थे।

इस दौरान ट्रेलर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को साइड से टक्कर मार दी। जिससे दोनों बाइक सवार नीचे गिर गए। सिर में गंभीर चोट लगने से लोकेन्द्र की मौत हो गई और अजयपाल घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर जमा लग गया। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटवाया।

डॉक्टर साहब मेरे भाई को ठीक कर दो प्लीज

परिवार के लाडले की मौत के समाचार ने परिजनों को तोड़ कर रख दिया। बांगड़ हॉस्पिटल में मृतक लोकेन्द्र के भाई-बहन का रो-रो कर बुरा हाल था। उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि उनका भाई अब नहीं रहा। रोते हुए मृतक का भाई बार-बार डॉक्टर से हाथ जोड़कर उसके भाई को ठीक करने की फरियाद करता नजर आया। जानकारी के अनुसार मृतक जीओ कम्पनी में काम करता था। और हमेशा की तरह पाली से जेतपुरा अपने गांव अजयपाल के साथ बाइक पर जा रहा था। इस दौरान यह हादसा हो गया। मौके पर बड़ी संख्या में मृतक के परिजन और कम्पनी के कर्मचारी मौजूद रहे।